Home » भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की अहम मुलाकात
दुनिया

भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की अहम मुलाकात

वाशिंगटन।  ईरान-अमेरिका सघंर्ष के बीच भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की वाशिंगटन में अहम मुलाकात हुई है। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात ह्वाइट हाउस में हुई। इस दौरान अमेरिका ने भारत के साथ व्यापार, महत्वपूर्ण खनिज, रक्षा सहयोग और क्वाड (चतुष्पक्षीय सुरक्षा संवाद) समेत द्विपक्षीय संबंधों के कई प्रमुख मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।

मई में भारत आएंगे रूबियो :  अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो अब अगले महीने यानी मई में भारत की यात्रा करेंगे। वह भारत-अमेरिका के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए भारत की यात्रा करेंगे। जबकि मिसरी तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर अमेरिका गए हैं। व्हाइट हाउस में हुई बैठक में भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे।

राजदूत गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा:“व्हाइट हाउस में विदेश सचिव विक्रम मिसरी का स्वागत है। विदेश मंत्री रुबियो के साथ बेहद सार्थक बैठक हुई, जिसमें हमारे द्विपक्षीय संबंधों पर खास तौर पर व्यापार, महत्वपूर्ण खनिज, रक्षा और क्वाड पर ध्यान केंद्रित किया गया। रूबियो भारत यात्रा को लेकर काफी उत्सुक हैं।”

इन नेताओं से भी मिले मिसरी :  विदेश सचिव मिसरी ने अमेरिकी सुरक्षा एजेंसी एफबीआई के निदेशक काश पटेल से भी मुलाकात की। दोनों ने आतंकवाद, संगठित अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी से निपटने में भारत-अमेरिका के बीच मजबूत सहयोग पर सार्थक चर्चा की। मिसरी की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब अमेरिका ईरान के साथ चल रहे तनाव और मध्य पूर्व की स्थिति पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। उपराष्ट्रपति जे.डी. वैंस के नेतृत्व में एक अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान की मध्यस्थता में ईरानी नेताओं के साथ वार्ता के लिए इस्लामाबाद जा रहा है।

Search

Archives