कैथल। फर्जी ट्रेडिंग ऐप में पैसे लगाकर अधिक लाभ कमाने का लालच देकर एक युवक से आठ लाख 81 हजार रुपये की ठगी की गई है। युवक के पास फोन करके ऐप के बारे में बताया गया था। लालच दिया गया था कि 15 से 20 प्रतिशत तक लाभ होगा। पूंडरी निवासी मोहिंद्र सिंह कि शिकायत पर साइबर क्राइम थाना में केस दर्ज किया गया है।
शिकायत में मोहिंद्र ने बताया कि तीन मार्च को उसके नंबर पर फोन आया था। फोन करने वाले ने अपना नाम अमित बताया और उसे एक ट्रेडिंग ऐप में पैसे लगाने के लिए कहा गया। उसे हर रोज दो से तीन प्रतिशत लाभ की बात कही थी। वह ठगों की बातों में आ गया था।
उसके पास एक ऐप का लिंक भेजा गया और उसने ऐप को फोन में डाउनलोड कर लिया था। छह मार्च को उसने ऐप के माध्यम से 45 हजार रुपये इन्वेस्ट किए थे। ऐप में उसे लाभ बढ़ा हुआ दिखाया गया। इसके बाद ठगों ने लालच दिया कि 19 से 25 मार्च तक ऐप में पैसे लगाने से 15 से 20 प्रतिशत का लाभ होगा।
उनकी बातों में आकर आठ लाख 35 हजार रुपये ऐप में इन्वेस्ट कर दिए थे। जब वह इन पैसों को ऐप से निकालने लगा तो ठग उससे अलग-अलग चार्ज के नाम पर पैसे मांगने लगे। इसके बाद उसे पता लगा कि उसके साथ आठ लाख 81 हजार रुपये की ठगी हो गई है।
ठगी को लेकर उसने 26 मार्च को 1930 पर शिकायत दर्ज करवा दी थी। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच एएसआइ विनोद कुमार को सौंप दी है।







