Home » आतंकी साजिश नाकाम : चौकी-थानों की वीडियो बनाकर दुबई में बैठे पाकिस्तानी गैंगस्टर को भेजे, सिरसा से पांच संदिग्ध गिरफ्तार
हरियाणा

आतंकी साजिश नाकाम : चौकी-थानों की वीडियो बनाकर दुबई में बैठे पाकिस्तानी गैंगस्टर को भेजे, सिरसा से पांच संदिग्ध गिरफ्तार

सिरसा। महिला थाना ब्लास्ट जैसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दी। पुलिस ने पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जो पुलिस चौकी और थानों की रेकी कर उनकी वीडियो दुबई में बैठे पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी को भेज चुके थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि संदिग्ध एक मीडिएटर के जरिए गैंगस्टर के संपर्क में थे और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए कथित विस्फोटक सामग्री का इंतजार कर रहे थे, जिसकी डिलीवरी 30 मार्च को होने की आशंका थी। शुक्रवार रात पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार राजबीर उर्फ राजीव उर्फ डीसी, उसके जीजा और एक नाबालिग को पकड़ा।

राजबीर के मोबाइल से सिरसा की हुडा पुलिस चौकी और सिविल लाइन थाना की रेकी के वीडियो बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने हांसी निवासी रोहित उर्फ काकू को भी काबू किया, जो हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ 30 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। रोहित से पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने मिलकर कुछ दिन पहले रेकी कर वीडियो तैयार किए थे। ये वीडियो राजबीर और विकास के साथ कुछ दिन पहले रेकी करके बनाई थी।

संदिग्धों और गैंगस्टर के बीच बातचीत की रिकॉर्डिंग आई सामने :  राजबीर बाइक चला रहा था और रोहित ने वीडियो बनाते हुए कहा कि तुमने कार्रवाई नहीं की। इसलिए हम तुम्हें अब सबक सिखाएंगे। रोहित के पिता बलवान का कुछ साल पहले सिरसा में मर्डर हुआ था। राजबीर के मोबाइल से वीडियो बरामद होने के बाद पुलिस ने अन्य संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। सूत्रों के अनुसार पुलिस के पास संदिग्धों और गैंगस्टर के बीच बातचीत की रिकार्डिंग भी मौजूद है।

रातभर चला सर्च आपरेशन पुलिस ने सेक्टर-19 स्थित फ्लैटों में रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक विशेष सर्च अभियान चलाया। संदिग्ध के स्वजनों का कहना है कि पुलिस ने सादी वर्दी में तलाशी ली और घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर कब्जे में ली। संदिग्ध नाबालिग की मां ने बताया कि वह अपने बेटे को पुलिस के पास पूछताछ के लिए छोड़कर आई थी। उसका बेटा नगर परिषद में सफाई कर्मचारी है। संदिग्ध के स्वजनों के फोन भी पुलिस ने बरामद किए हैं।

गैंग्सटर शहजाद ने ली थी ब्लास्ट की जिम्मेदारी :  संदिग्ध विकास को काबू करने के लिए पुलिस को उसके घर का दरवाजा तोड़कर दाखिल होना पड़ा। उसके दोनों नाबालिग भाईयों से पूछताछ करके छोड़ दिया गया।

पहले भी हो चुका है महिला थाना ब्लास्ट :  गौरतलब है कि नवंबर 2025 में सिरसा के महिला थाने पर ग्रेनेड हमला हुआ था, जिसकी जिम्मेदारी गैंगस्टर शहजाद भट्टी ने ली थी। इस घटना के बाद पुलिस ने कई आरोपितों को गिरफ्तार किया था और मामला देशद्रोह के तहत दर्ज कर जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) को सौंप दी गई थी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और इस साजिश के पीछे जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

Search

Archives