नई दिल्ली। केंद्र की मोदी सरकार ने वीरता पुरस्कार पाने वाले सैनिकों और उनके परिजनों को बड़ा तोहफा दिया है। उनके सम्मान में एक अहम फैसला लिया है। सरकार की तरफ से जारी नए आदेश के मुताबिक अब थल सेना, वायुसेना और नौसेना के वीरता पदक विजेताओं को ट्रेनों में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह रियायत उनके लिए फर्स्ट क्लास, 2AC और एसी चेयर कार कैटेगरी में लागू होगी, जिसमें वे अपने संग एक साथी को भी ले जा पाएंगे।
जवानों और उनके परिजनों के प्रति सम्मान : गौरतलब है कि केंद्र सरकार का यह स्टेप रक्षा में असाधारण वीरता और बलिदान देने वाले जवानों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक माना जा रहा है। इस निर्णय का मकसद न सिर्फ वीरता पुरस्कार विजेताओं का सम्मान करना है, बल्कि उनके परिजनों को भी सामाजिक और आर्थिक सहयोग देना भी है।
बढ़ेगा सैनिकों का मनोबल : इस तरह की पहल से सेना के जवानों और उनके परिजनों का मनोबल बढ़ेगा। साथ ही, युवाओं को भी फौज में शामिल होकर अपने देश की सेवा के लिए प्रेरणा मिलेगी। यह फैसला सरकार की उन नीतियों का हिस्सा माना जा रहा है, जिनका उद्देश्य सशस्त्र बलों के कल्याण और सम्मान को प्रॉयरिटी देना है। कुल मिलाकर, यह ऐलान उन बहादुर सैनिकों के प्रति देश की कृतज्ञता का एक अहम कदम है, जिन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपना सबकुछ न्योछावर कर दिया।







