बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम भरनी मेला ग्राउंड पिंडारी मोड़ के पास पिछले दो दिनों से खड़ी एक लावारिश गाड़ी से पुलिस ने करीब 40 किलो गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख 20 हजार बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना सकरी को 15 मार्च को सूचना मिली थी कि भरनी मेला ग्राउंड के पास एक वाहन पिछले दो दिनों से संदिग्ध हालत में खड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और वाहन की जांच शुरू की।
जांच के दौरान वाहन से तेज गांजे की गंध आ रही थी। जिसके बाद पुलिस ने गाड़ी की बारीकी से तलाशी ली। तलाशी के दौरान पता चला कि वाहन सीजी 29 ए 3487 टाटा एसीई में विशेष रूप से गाड़ी के नीचे एक चैंबर बनाकर उसमें गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने चेंबर को खोलकर देखा तो उसके करीब 40 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने वाहन और गांजे को जप्त कर लिया है। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर ले जाने की तैयारी थी। सकरी पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।







