नई दिल्ली। ब्रिटेन में जासूसी के एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। लंदन की मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बुधवार को चीन के लिए जासूसी करने के संदेह में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इन गिरफ्तार आरोपियों में सत्तारूढ़ लेबर पार्टी की सांसद जोआनी रीड के पति डेविड टेलर भी शामिल हैं।
आतंकवाद विरोधी टीम की कार्रवाई
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, आतंकवाद विरोधी अधिकारियों ने लंदन और वेल्स में छापेमारी कर 39, 43 और 68 वर्ष की आयु के तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया। इन पर विदेशी खुफिया सेवा (चीन) की सहायता करने और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने का संदेह है।
सांसद जोआनी रीड का बयान
अपने पति की गिरफ्तारी और मीडिया रिपोर्ट्स पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद जोआनी रीड ने स्पष्ट किया कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि मैंने अपने घर में या पति के व्यवहार में ऐसा कुछ भी नहीं देखा, जिससे मुझे यह संदेह हो कि उन्होंने किसी कानून का उल्लंघन किया है। मैं उनकी व्यावसायिक गतिविधियों का हिस्सा नहीं हूं। पुलिस की इस जांच से मेरा या मेरे बच्चों का कोई लेना-देना नहीं है।







