Home » लूटकांड अपडेट: उरतुम के पास कार बरामद, नकाबपोश ढाई किलो सोना और 3 लाख लेकर फरार
छत्तीसगढ़

लूटकांड अपडेट: उरतुम के पास कार बरामद, नकाबपोश ढाई किलो सोना और 3 लाख लेकर फरार

बिलासपुर। न्यायधानी में ज्वेलरी व्यापारी से हुई सनसनीखेज लूट मामले में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता मिली है। लुटेरों द्वारा छीनी गई कार पुलिस ने उरतुम परसाही के पास से बरामद कर लिया है, हालांकि आरोपी कार मे रखा ढाई किलो सोना और करीब साढ़े तीन लाख नगद से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

गौरतलब है कि यह वारदात सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर मंगलवार देर रात हुई थी। महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी अपनी मेहरून रंग की रीनाल्ट कार से दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाकर बैठे नकाबपोश बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने बंदूक की नोक पर उन्हंे धमकाया और विरोध करने पर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। बदमाशों ने हथियार से उनके सिर पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के दौरान बदमाशों द्वारा फायरिंग किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। जिससे इलाके में अफरा तफरी मच गई। इसके बाद आरोपी संतोष तिवारी की कार सहित उसमें रखा सोने चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि बैग में करीब ढाई किलो सोना और साढ़े तीन लाख नकद थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शहर में नाकेबंदी कर दी थी। मौके की जांच में पुलिस को बदमाशों द्वारा छोड़ी गई एक पैशन प्रो बाइक और एक अन्य कार मिली थी। घटनास्थल से एक मैगजीन और कुछ जिंदा कारतूस भी बरामद हुए जिससे साफ है कि वारदात पूरी योजना के तहत अंजाम दिया गया। इसी बीच पुलिस ने उरतुम के पास से लूटी गई कार बरामद कर ली, लेकिन आरोपी उससे पहले ही सोने चांदी वाला बैग लेकर फरार हो चुके थे।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। घायल व्यापारी का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस बड़ी वारदात के बाद पूरे इलाके मे दहशत का माहौल है। जबकि पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Search

Archives