कर्नाटक के प्रतिष्ठित और सदियों पुराने ब्रांड ’मैसूर सैंडल सोप’ को लेकर राज्य में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। राज्य के स्वामित्व वाली कंपनी कर्नाटक सोप्स एंड डिटर्जेंट्स लिमिटेड ने अभिनेत्री तमन्ना भाटिया को अपना नया ब्रांड एंबेसडर चुना है। मंगलवार को उन्होंने औपचारिक रूप से अपनी भूमिका संभाल ली, लेकिन उनके ’गैर-कन्नड़’ होने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कई स्थानीय संगठनों ने विरोध शुरू कर दिया है।
विरोध करने वालों ने प्रसिद्ध साबुन का प्रतिनिधित्व करने के लिए एक गैर-कन्नड़ भाषी अभिनेत्री को चुने जाने पर सवाल उठाया है। सरकार ने अपने इस फैसले का बचाव करते हुए कहा कि भाटिया का चयन योग्यता और व्यावसायिक विचार-विमर्श के आधार पर किया गया। राज्य के स्वामित्व वाली ‘कर्नाटक सोप्स एंड डिटर्जेंट्स लिमिटेड’ (केएसडीएल) द्वारा निर्मित उत्पादों की बाजार में उपस्थिति को मजबूत करने के प्रयासों के तहत भाटिया का कंपनी की ब्रांड एंबेसडर के रूप में दो साल का कार्यकाल मंगलवार से शुरू हो गया।







