Home » यूपी में अनोखा मामला : प्रेमिका से छिपकर मिलने गया था प्रेमी, लोगों ने पकड़कर करवा दी शादी
उत्तर प्रदेश

यूपी में अनोखा मामला : प्रेमिका से छिपकर मिलने गया था प्रेमी, लोगों ने पकड़कर करवा दी शादी

बिस्कोहर। प्रेम प्रसंग का अनोखा मामला सामने आया है। नगर पंचायत बिस्कोहर के बेलवा गांव में मंगलवार को प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। बाद में दोनों पक्षों की सहमति से गांव में ही हिंदू रीति-रिवाज के साथ विवाह संपन्न करा दिया गया। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार इटवा थाना क्षेत्र के ग्राम दुफेड़िया निवासी दिनेश का त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलवा निवासी आशा से काफी समय से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों बालिग बताए गए हैं। मंगलवार को युवक छिपकर प्रेमिका से मिलने उसके गांव के सीवान में पहुंचा। इसकी भनक कुछ ग्रामीणों को लगी तो वे मौके पर पहुंच गए और दोनों को पकड़ लिया।

दोनों परिवारों के बीच बनी सहमति

ग्रामीणों ने दोनों को गांव लाकर परिजनों को सूचना दी। शुरुआत में कुछ देर तक नोकझोंक और असहमति की स्थिति रही, लेकिन बाद में दोनों परिवारों के बीच सहमति बन गई। दोनों पक्ष ने शादी कराने का निर्णय लिया। इसके बाद गांव के लोगों की मौजूदगी में वर-वधू ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई। मिठाई खिलाकर विवाह की रस्में पूरी की गईं।

बताया जाता है कि कुछ लोगों की उपस्थिति में लिखित सहमति पत्र भी तैयार किया गया। इसके बाद युवती को विधिवत विदा कर युवक के साथ भेज दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि आपसी सहमति और सामाजिक पहल से मामला सुलझा लिया गया, जिससे अनावश्यक विवाद और कानूनी प्रक्रिया से बचाव हुआ। गांव में दिनभर इस घटना की चर्चा होती रही।

Search

Archives