साक्षी स्टेशनरी, प्रिया फैन्सी स्टोर से 234 नग व्हाइट इंक करेक्शन पेन सेट जप्त
लैलूंगा। नाबालिग बच्चों को नशे के लिए व्हाइटनर बेचने वाले दो स्टेशनरी संचालकों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि हाईस्कूल के सामने स्थित साक्षी स्टेशनरी के संचालक चंद्रभान पटेल एवं प्रिया फैन्सी एवं स्टेशनरी संचालक उमेश पटेल अपनी दुकानों में व्हाइट इंक व्हाइटनर बड़ी मात्रा में रखकर नाबालिग बच्चों को नशे के रूप में उपयोग हेतु विक्रय किया जा रहा है।
सूचना पर थाना प्रभारी द्वारा तत्काल टीम गठित कर दोनों दुकानों पर दबिश दी गई, जहां से कोरस इराज-एक्स व्हाइट इंक करेक्शन पेन सेट 12 एमएल (डाइल्यूटर पेन) कुल 234 नग, कीमती करीब 6,990 रुपये तथा एक रियलमी मोबाइल फोन कीमती लगभग 5,000 रुपये’ बरामद किया गया। जप्त सामग्री का विधिवत पंचनामा तैयार कर जब्ती की गई।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी यह जानते हुए भी कि उक्त व्हाइट इंक करेक्शन पेन सेट एक हानिकारक पदार्थ है, जिसके सेवन से मानव जीवन संकटापन्न हो सकता है, नाबालिग बच्चों को विक्रय कर रहे थे, जिससे बच्चों को नशे की लत लगने तथा उनके मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
आरोपियों चंद्रभान पटेल एवं उमेश पटेल के विरुद्ध थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 26/2026 धारा 77 बालकों की देखरेख एवं संरक्षण अधिनियम (जे.जे. एक्ट) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 123, 275, 286’ के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी
1. चंद्रभान पटेल पिता विटकी प्रसाद पटेल उम्र 41 साल, निवासी वार्ड नंबर 08 लैलूंगा थाना लैलूंगा जिला रायगढ़
2. उमेश पटेल पिता उदय पटेल उम्र 30 साल, निवासी वार्ड नंबर 8 लैलूंगा थाना लैलूंगा जिला रायगढ़







