Home » सर्दियों में अपनी डाइट में ज़रूर शामिल करें ये ड्राइफ्रूट्स, शरीर को मिलेगी गर्मी, इम्यूनिटी भी होगी बूस्ट
स्वास्थ्य

सर्दियों में अपनी डाइट में ज़रूर शामिल करें ये ड्राइफ्रूट्स, शरीर को मिलेगी गर्मी, इम्यूनिटी भी होगी बूस्ट

ठंड का मौसम ऐसे तो बेहद सुहावना होता है, लेकिन इसी के साथ यह हमारे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता की परीक्षा भी लेता है। सर्दी से बचने और शरीर को भीतर से गर्म रखने के लिए सही खान-पान बेहद जरूरी होता है। अगर आप भी चाहते हैं कि इस सर्दी में आपका शरीर ऊर्जावान और स्वस्थ बना रहे, तो अपनी डाइट में कुछ खास ड्राई फ्रूट्स ज़रूर शामिल करना चाहिए।

बादाम, अखरोट, काजू और अंजीर जैसे मेवे न सिर्फ स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि ये शरीर को अंदर से गर्म रखते हैं । इसके साथ ही खजूर सर्दी में स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी है।  खजूर  ठंड से होने वाली बीमारियों से बचाव में मदद करते हैं। चलिए जानते हैं इस मौसम में इन ड्राई फ्रूट्स का सेवन करने से सेहत को कौन से फायदे मिलते हैं?

फायदेमंद ड्राइफ्रूट्स

  • शरीर को गर्म रखे खजूर : सर्दियों में खजूर खाना फायदेमंद होता है क्योंकि यह शरीर को गर्म रखता है और ऊर्जा देता है। खजूर में प्राकृतिक शर्करा होती है जो तुरंत ऊर्जा प्रदान करती है, और पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे खनिज होते हैं जो शरीर की गर्मी बनाए रखने में मदद करते हैं।
  • विटामिन ई, मैग्नीशियम से भरपूर बादाम : बादाम विटामिन ई, मैग्नीशियम और फैटी एसिड जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। ये पोषक तत्व शरीर के तापमान को बनाए रखने और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देने में मदद करते हैं। बादाम में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और सूजन-रोधी यौगिक (जैसे ओमेगा-3 फैटी एसिड) शरीर को मुक्त कणों से होने वाले नुकसान से बचाने और प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करने में सहायता करते हैं।
  • दिल-दिमाग को बेहतर बनाए अखरोट : सर्दियों में अखरोट का सेवन करना सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है, क्योंकि इसमें मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड दिल और दिमाग के स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होने के कारण यह बीमारियों से लड़ने में मदद करता है।
  • इम्युनिटी बढ़ाए काजू : सर्दियों में काजू खाना फायदेमंद होता है। दरअसल, इसमें प्रोटीन, जिंक, मैग्नीशियम और अन्य मिनरल्स होते हैं जो इम्यूनिटी बढ़ाते हैं और मांसपेशियों को मजबूत बनाते हैं। इसके अतिरिक्त, यह हड्डियों को स्वस्थ रखने और त्वचा और बालों को बेहतर बनाने में भी मदद कर सकता है।

कब और कैसे करें सेवन?

इन ड्राईफ्रुट्स के सेवन का सबसे उचित समय सुबह का होता है। सभी ड्राई फ्रूट्स को रात में भिगोकर सुबह खाली पेट खाएं। रोजाना एक मुट्ठी ड्राई फ्रूट्स का सेवन करें, जिसमें इन सभी का मिश्रण हो। सुबह खाली पेट भीगे हुए बादाम, अखरोट और किशमिश खाने से शरीर को दिन भर के लिए ऊर्जा मिलती है।

 

 

डिस्क्लेमर : यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। Today Studio लेख की पुष्टि नहीं करता है। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह लें।

Search

Archives