रायपुर। सोशल मीडिया पर वायरल न्यूड पार्टी और स्ट्रेंजर हाउस पार्टी के पोस्टर ने सनसनी फैला दी है। ‘न्यूड पार्टी’ के पोस्टर को लेकर बवाल मचा हुआ है। इस पार्टी में 18 साल से ऊपर के युवक-युवतियों को न्यूड होकर आने का न्यौता दिया गया था। बड़ी संख्या में युवाओं ने पंजीयन भी करा लिया था। मामले में हंगामा और विरोध होने पर पुलिस ने इस आयोजन से जुड़े सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस पार्टी का पर्दाफाश किया है।
सोशल मीडिया पर इस कार्यक्रम का खुलेआम प्रचार- प्रसार कर रहे आयोजनकर्ताओं से जुड़े सात आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। इस नग्न पार्टी को लेकर हिन्दूवादी संगठनों में भी भारी उबाल है। मामले में बीजेपी और कांग्रेस नेताओं में जुबानी जंग छिड़ी हुई है। निशाना साधा जा रहा है। एक दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाये जा रहे हैं।
आयोजन से पहले भंडाफोड़ – पुलिस ने स्ट्रेन्जर हाउस/पूल पार्टी का आयोजन करने वाले आयोजक सहित सात आरोपी को गिरफ्तार किया है। 21 सितंबर को एसएस फार्म हाउस भाठागांव में आरोपियों की ओर से पूल पार्टी किया जाना था। इसके पहले ही पुलिस ने इसका भंडाफोड़ कर दिया। इवेंट का प्रचार-प्रसार करने के लिये सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों का उपयोग किया जा रहा था। इतना ही नहीं अपरिचत क्लब के नाम से इंस्टाग्राम पेज भी बनाया गया था। प्रकरण में इवेंट आर्गेनाईज करने वाले आर्गेनाईजर, फार्म हाउस उपलब्ध कराने वाले, प्रमोशन और प्रमोट करने वाले कुल सात आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 592/25 धारा 4 स्त्री अशिष्ट रूपण प्रतिषेध अधिनियम, धारा 67 आईटी एक्ट एवं धारा 79 भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस ने ज्वांइट कार्रवाई की।
ये सात आरोपी गिरफ्तार
- संतोष गुप्ता उम्र 68 साल निवासी मकान नंबर 25 बरसाना इन्क्लेव महोबा बाजार थाना आमानाका रायपुर।
- संतोष जेवानी उम्र 30 साल निवासी जोरा पाटीदार भवन के पीछे थाना तेलीबांधा रायपुर।
- अजय महापात्रा उम्र 35 साल निवासी गायत्री नगर न्यू सेंट वेरी कालोनी मकान नंबर ए 14 थाना खम्हारडीह रायपुर।
- अवनीश गंगवानी उम्र 31 साल निवासी ब्यूटी पार्लर के पास अवंति विहार थाना खम्हारडीह रायपुर।
- जेम्स बेक पिता स्व. जॉन बेक उम्र 59 साल निवासी अवंति विहार विजय नगर थाना खम्हारडीह रायपुर।
- दीपक सिंह पिता स्व. रमाशंकर सिंह उम्र 39 साल निवासी हायपर क्लब तेलीबांधा थाना तेलीबांधा रायपुर।
- देवेन्द्र कुमार यादव उम्र 37 साल निवासी हाऊसिंग बोर्ड कालोनी थाना खम्हारडीह रायपुर।
शिकायत के बाद कार्रवाई
यह पोस्टर @sinful_writer1 नाम के अकाउंट से जारी किया गया था, जिसमें युवक-युवतियों को बिना कपड़ों के पार्टी में शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया था। बड़ी बात ये है कि पार्टी न्यूड थीम होने की वजह से यह कानून के खिलाफ था। कांग्रेस की एक टीम ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा। गनीमत रही कि कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही आयोजकों को पकड़ लिया गया। चर्चा तो ये भी है कि आरोपी खुद ही सफाई देने एसपी ऑफिस पहुंचे थे, जहां से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
क्या लिखा था पोस्टर में – सोशल मीडिया पर वायरल ‘न्यूड पार्टी’ पोस्टर में लिखा था कि राजधानी रायपुर में पहली बार सबसे बड़ी एक ऐसी पार्टी होने वाली है जहां लोग बिना कपड़ों के भाग ले सकेंगे। इसमें शराब, डीजे, म्यूजिक, डांस और मजे का भी जिक्र था। यह पोस्टर जैसे ही वायरल हुआ, पूरे शहर में सनसनी मच गई। सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चायें होने लगी।
यूजर्स ने कसे तंज, ‘पास तो फॉरवर्ड कर दो’- कार्यक्रम के पोस्टर को लेकर यूजर्स तंज कस रहे हैं। कुछ मजे ले रहे हैं तो कुछ गंभीरता से पूछ रहे हैं कि ये पार्टी कहां हो रही है। कई यूजर्स ने ऐतराज जताते हुए लिखा है कि अब खुलेआम फूहड़ता का प्रचार होने लगा है। स्क्रीनशॉट शेयर कर लिखा जा रहा है कि क्या हमारी राजधानी में भी अब ऐसे खेल होंगे?।
बैंक ट्रांजेक्शन की हो रही जांच- पुलिस ने बताया कि इस इवेंट में प्रवेश के लिए कई युवाओं ने बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की थी। करीब 21 से ज्यादा युवाओं ने पंजीयन भी कराया था। ऐसे सभी खातों और लेन-देन की जांच हो रही है। पुलिस का कहना है कि यह आयोजन अश्लीलता और अवैध पार्टी को बढ़ावा देने की कोशिश थी, जिस पर समय रहते रोक लिया गया। पुलिस ने चेतावनी दी है कि राजधानी में इस तरह की पार्टियों और आयोजकगणों को बख्शा नहीं जाएगा।







