सलमान खान और कैटरीना कैफ की सुपरहिट फिल्म ‘एक था टाइगर’ ने देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी अपनी खास पहचान बनाई है। साल 2012 में रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर सफलता हासिल की थी और अब 13 साल बाद इसने एक नया इतिहास रच दिया है।
सलमान खान और कैटरीना कैफ की फिल्म ‘एक था टाइगर’ हाल ही में वाशिंगटन डीसी के इंटरनेशनल स्पाई म्यूजियम में प्रदर्शित होने वाली पहली भारतीय फिल्म बन गई। फिल्म के निर्देशक कबीर खान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए कहा कि टाइगर हमेशा जिंदा रहेगा। चलिए जानते हैं कि डायरेक्टर ने क्या कहा।
कबीर खान ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने अपनी फिल्म ‘एक था टाइगर’ को सम्मान मिलने पर खुशी जताई है। पोस्ट के कैप्शन में निर्देशक ने लिखा, ‘एक फिल्म का मतलब सिर्फ यह नहीं होता कि उसने बॉक्स ऑफिस पर कितनी कमाई की। बल्कि यह मायने रखता है कि वह कितने समय तक लोगों की कल्पना पर छाई रहेगी। और इस लिहाज से ‘एक था टाइगर’ आगे भी जारी रहेगी।’
टाइगर हमेशा जिंदा रहेगा- निर्देशक ने आगे कहा, ‘बेशक यह 2012 में रिलीज होने पर अब तक की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस कमाई करने वाली फिल्मों में से एक थी। लेकिन इससे भी ज्यादा खुशी मुझे इस बात की है कि 2025 में भी इसके बारे में प्यार से बात की जाती है। टाइगर हमेशा जिंदा रहेगा।’
भारत की इकलौती फिल्म, जिसने किया ये कारनामा- ‘एक था टाइगर’ अमेरिका के वाशिंगटन डीसी स्थित इंटरनेशनल स्पाई म्यूजियम में प्रदर्शित होने वाली एकमात्र भारतीय फिल्म बन गई है। फिल्म का पोस्टर ‘मिशन इम्पॉसिबल’, ‘स्पाई गेम’, ‘मेन इन ब्लैक’, ‘टिंकर टेलर सोल्जर’ ‘स्पाई’ जैसी हॉलीवुड फिल्मों के साथ प्रदर्शित किया गया है। यह भारत के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। आपको बताते चलें कि ‘एक था टाइगर’ की सफलता के बाद, मेकर्स ने सलमान और कैटरीना को प्रमुख भूमिकाओं में लेकर ‘टाइगर जिंदा है’ और ‘टाइगर 3’ भी बनाई गई थी।







