Home » ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत ने की पाकिस्तान की मदद, दोनों देशों के अधिकारियों के बीच हुई ये बात
दुनिया

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत ने की पाकिस्तान की मदद, दोनों देशों के अधिकारियों के बीच हुई ये बात

नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत ने दरियादिली दिखाते हुए पाकिस्तान की बड़ी मदद की है। पाकिस्तान के कई इलाकों में बाढ़ का कहर है, जिसके कारण सैकड़ों लोगों की  जान जा चुकी है। इस बीच भारत ने पाकिस्तान के अधिकारियों को तवी नदी में बाढ़ की जानकारी दी है।

बता दें कि इसके पहले ही पाकिस्तान बाढ़ की मार झेल रहा है। कुछ दिन पहले एक रिपोर्ट सामने आई जिसमें बताया गया कि खैबर पख्तूनख्वा में आई बाढ़ में करीब 1,000 लोगों की मौत हुई है। वहीं, 900 से ज्यादा लोग घायल हैं। यह बाढ़ इतनी खतरनाक थी कि पानी के साथ पूरे के पूरे गांव बह गए। इस बाढ़ में बड़े-बड़े पत्थर बहकर आए थे, जिसमें घर तबाह हो गए।

गौरतलब है कि सोमवार को एक मीडिया रिपोर्ट में बताया गया कि भारत ने तवी नदी में संभावित बाढ़ के बारे में पाकिस्तान को आगाह किया है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि (IWT) स्थगित है। वहीं, द न्यूज ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया कि भारत ने संभावित बाढ़ के बारे में जानकारी साझा करने के लिए पाकिस्तान से संपर्क किया है। ध्यान देने योग्य बात है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद ये पहला मौका है जब दोनों देशों के अधिकारियों के बीच संपर्क स्थापित किया गया हो।

हालांकि, भारत या पाकिस्तान में से किसी की ओर से इस घटनाक्रम को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बता दें कि आमतौर पर, ऐसी जानकारी सिंधु जल आयुक्त के माध्यम से साझा की जाती है। तवी नदी जम्मू से पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में जाती है।

अखबार ने सूत्रों का हवाला देते हुए दावा किया कि भारत ने जम्मू में तवी नदी में संभावित बड़ी बाढ़ के बारे में पाकिस्तान को आगाह किया है। अखबार ने आगे कहा कि इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग ने रविवार को यह चेतावनी दी।

बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के एक दिन बाद ही भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ एक्शन लिया था। इसी दौरान भारत ने 1960 की सिंधु जल संधि को स्थगित भी किया।

Search

Archives