बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र की निवासी 62 वर्षीय के पद्मावती ने एक निजी इंजीनियरिंग पर 9 लाख 26 हजार 450 रूपए की धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
प्रार्थी पद्मावती ने बताया कि उन्होंने चुचुहियापारा स्थित अपनी जमीन बेचकर मकान निर्माण के लिए केपिटल गेन खाते में एसबीआई जगमल चौक शाखा में 34 लाख से अधिक की राशि जमा की थी। मकान निर्माण हेतु कासिमपारा स्थित जमीन पर भवन निर्माण की योजना बनाकर उन्होंने निर्माण कार्य की जिम्मेदारी इंजीनियर हितेन्द्र सोनी को सौंपी। हितेन्द्र ने एस्टिमेंट तैयार कर बैंक से राशि जारी कराने की प्रक्रिया में सहयोग किया। पहले चरण में 25 फरवरी 25 को 5 लाख बैंकर्स चेक के माध्यम से हितेंन्द्र को दिए गए, जिसमें से उसने 50 हजार अपनी फीस के रूप में नकद ले लिए। इसके बाद 10 मार्च को 8.65 लाख और 24 अप्रैल को 9.26 लाख उसके खाते में स्थानांतरित किए गए।
प्रार्थी का आरोप है कि अंतिम किस्त की राशि मिलने के बाद जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो हितेंन्द्र ने पहले गलत नाम से चेक जारी किया और फिर उसे फाड़ दिया। महिला के अनुसार आरोपी ने रकम देने से मना करते हुए 2.5 लाख काटने की बात कही और धमकी दी कि यदि ज्यादा सवाल जवाब किया तो जान से मारने जैसी हरकत कर सकता है। घटना की गंभीरता को देखते हुए तोरवा थाना पुलिस ने आरोपी हितेन्द्र सोनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316 बीएनएस के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रार्थी ने दस्तावेजों के साथ रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।







