Home » चाकू गोदकर युवक की हत्या, वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार
हरियाणा

चाकू गोदकर युवक की हत्या, वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार

जींद। पटियाला चौक स्थित जोगेंद्र नगर में मंगलवार शाम को गली में बैठे युवक की एक व्यक्ति ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आरोपी का बेटा आपराधिक मामले में जेल में बंद है। मृतक की 13 दिन पहले ही शादी हुई थी और उसने प्रेम विवाह किया था।

शहर के जोगेंद्र नगर निवासी 24 वर्षीय साहिल मंगलवार शाम को गली में बैठा हुआ था। इसी दौरान कॉलोनी का ही अनिल कुमार वहां पर आया और साहिल के पेट में चाकू मारने का प्रयास किया लेकिन साहिल ऊपर उछल गया और चाकू उसकी टांग में जा लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साहिल द्वारा शोर मचाए जाने पर परिवार के लोग मौके पहुंच गए और उसको नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के पिता साहब सिंह ने बताया कि उनकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं थी। आरोपी अनिल ने अचानक ही गली में बैठे हुए साहिल पर चाकू से हमला किया है। आरोपी हमला करने के बाद चाकू लहराते हुए वहां से फरार हो गया। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। जहां पर पुलिस की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

बताया जाता है कि अनिल हत्या के एक मामले में पैरोल पर आया था जबकि उसका बेटा अभी जेल में बंद है। शहर थाना प्रभारी मनीष ने बताया कि युवक की चाकू से गोदकर हत्या की है। फिलहाल परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और अब तक परिवार के लोगों ने रंजिश का कोई कारण नहीं बताया है। हमला करने वाले आरोपी की तलाश की जा रही है।

Search

Archives