जांजगीर-चांपा। जिले के थाना मुलमुला में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र डिक्सेना को लूट के मामले में गंभीर लापरवाही बरतने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। नए पुलिस कप्तान विजय कुमार पांडेय ने कार्यभार संभालते ही इस तरह की कार्यवाही करके यह साफ कर दिया है कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगी।
मामला एक लूट की शिकायत से जुड़ा है, जिसमें पीड़ित ने स्पष्ट रूप से लूट की घटना बताई थी, लेकिन संबंधित अधिकारी ने इसे महज मारपीट की धारा में दर्ज कर लिया। इस गैर-जिम्मेदाराना जांच पर एसपी पांडेय ने सख्त रुख अपनाते हुए नियमों के विपरीत विवेचना करने वाले अधिकारी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की।
एसपी ने दिया कड़ा संदेश
एसपी विजय पांडेय ने कहा “कर्तव्य में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराध को अपराध के रूप में ही दर्ज किया जाएगा, न कि मनमर्जी से बदलकर।” एसपी के इस एक्शन से जिलेभर के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।







