बिलासपुर। ग्राम सेमरताल की रहने वाली महिला शिवकुमारी सूर्यवंशी के साथ 25 लाख के इनाम का झांसा देकर अज्ञात ठगों ने 1,23,880 रूपए की ठगी कर ली। पीड़िता ने कोनी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी मोबाईल धारक के खिलाफ आईपीसी की धारण 420 के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार शिवकुमारी सूर्यवंशी रोजी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करती है। 19 अगस्त 2023 को उनके मोबाईल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें खुद को यूके से अमनप्रीत बताने वाले व्यक्ति ने 25 लाख रूपए की लॉटरी लगने की बात कही। महिला को लालच देकर कहा गया कि इनाम छुड़ाने के लिए कुछ रकम जमा करनी होगी। शुरूआत में मना करने पर ठग ने बार-बार फोन कर दबाव बनाया, जिससे वह झांसे में आ गई। महिला ने अलग-अलग दिनों में कई बार फोन पे के माध्यम से 123880 रूपए छह अलग-अलग मोबाईल नंबरों पर ट्रांसफर किए। भुगतान के लिए उन्होंने मोहल्ले की दुकानों से भी मदद ली। जब काफी समय बाद भी उन्हें कोई इनाम नहीं मिला तो उन्होंने मामले की शिकायत कोनी थाने में की। पुलिस ने शिवकुमारी के आवेदन पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। वहीं पीड़िता ने प्रशासन से न्याय और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।







