सीपत। पति पत्नी के आपसी विवाद के बाद महिला के रिश्तेदारों द्वारा दामाद पर हमला करने का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत करमा निवासी माधव प्रसाद साहू ने सीपत थाने में दर्ज कराई है।
प्रार्थी ने बताया कि उनके बड़े भाई शिवरात्रि साहू का उसकी पत्नी सावित्री से पारिवारिक विवाद है। न्यायालय में केस भी चल रहा है। सावित्री लगभग 2 वर्ष से अपने मायके में रह रही है। मंगलवार को प्रार्थी को सूचना मिली कि उसके भाई शिवरात्री साहू के साथ ग्राम नेवसा के घनश्याम साहू और राधेश्याम साहू जोकि शिवरात्री के ससुराल के रिश्तेदार हैं। मारपीट की गई और शिवरात्री साहू को घायल कर दिया है। प्रार्थी घटनास्थल ग्राक करमा के हाईस्कूल के आगे एक पेड़ के पास पहुंचा। उसने देखा कि शिवरात्री साहू बेहोश अवस्था में जमीन पर पड़ा हुआ है। उसके सिर और चेहरे व शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगी है। खून भी निकल रहा है। प्रार्थी ने भाई जितेन्द्र साहू के साथ 108 से घायल को सिम्स अस्पताल भेज दिया। जहां उपचार जारी है। घटनास्थल पर उपस्थित चित्रकांत कश्यप ने बताया कि शिवरात्री साहू को ग्राम नेवसा निवासी घनश्याम साहू और राधेश्याम ने मिलकर जान से मारने की नीयत से ईट से प्राणघातक हमला किया। प्रार्थी की शिकायत पर सीपत पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।







