Home » पुलिस की गाड़ी से टकराई तस्करों की कार, नेपाल से दिल्ली जा रहा 10 किलो सोना बरामद
उत्तर प्रदेश

पुलिस की गाड़ी से टकराई तस्करों की कार, नेपाल से दिल्ली जा रहा 10 किलो सोना बरामद

कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात सड़क हादसे से सोने की तस्करी की परतें खुल गईं। रात करीब दो बजे ड्यूटी से लौट रहे सकरावा थानाध्यक्ष की सरकारी जीप में पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार (ब्रेजा) ने निकवा गांव के पास टक्कर मार दी। हादसे में पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद तलाशी में ब्रेजा कार के अंदर झोले में लगभग 15.60 करोड़ रुपये का 10 किलो सोना बरामद हुआ है।

पुलिस ने कार सवार नेपाल और महाराजगंज निवासी दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। जीएसटी व सेंट्रल एक्साइज (केंद्रीय उत्पाद शुल्क) टीम ने दोनों तस्करों से पूछताछ की है।

शुक्रवार को सकरावा थाना प्रभारी भागमल सिंह की बोर्डिंग मैदान में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा-व्यवस्था की ड्यूटी लगाई गई थी। रात करीब दो बजे वह हमराह सिपाही योगेंद्र कुमार, मोहन दिवाकर, महिला सिपाही रितु और लोकेंद्र सिंह के साथ सरकारी टाटा सूमो कार से लौट रहे थे। कार को चालक लोकेंद्र सिंह चला रहे थे। इस दौरान एक्सप्रेसवे पर निकवा गांव के सामने ब्रेजा कार ने पुलिस की सूमो में टक्कर मार दी।
हादसे के बाद जब पुलिस टीम ने ब्रेजा कार की तलाशी ली, तो सीट के पास नेपाल की कोल्ड ड्रिंक रखी होने पर सवार युवकों को संदिग्ध समझ कर पूछताछ शुरू की। ठीक से जवाब नहीं देने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली तो झोले के अंदर 10 सोने की ईंट बरामद हुई हैं। एक ईंट का वजन एक किलो है। पुलिस ने कार सवार नेपाल के जिला पालपा के हूंगी निवासी सरोज पंत और महाराजगंज के बरी क्षेत्र के ठूठी निवासी संदीप जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Search

Archives