डीआईजी ने की जांच
अयोध्या। जेल से बंदियों के फरार होने के प्रकरण में जेलर जितेंद्र कुमार यादव, डिप्टी जेलर मयंक त्रिपाठी व आठ बंदी रक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। जेल अधीक्षक के भी निलंबन की सूचना, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
बुधवार की देर रात जिला कारागार की विशेष सुरक्षा बैरक में सेंध लगाकर दो बंदी कारागार से फरार हो गए। दोनों बंदियों ने बैरक की खिड़की की तोड़ी उसके बाद नीचे लगी ईंटों को उखाड़कर खुले परिसर में आए और उसके बाद गोशाला की ओर से दीवार फांद कर भाग निकले।
आशंका है कि दोनों ने पोस्टमार्टम हाउस की ओर बनी मुख्य दीवार को फांद कर भागे हैं। हालांकि, जेल प्रशासन एवं पुलिस का कहना है कि वह जगह स्पष्ट नहीं हो सकी है, जहां से मुख्य दीवार फांद कर दोनों भागे हैं। दीवार फांदने के लिए बनाई गई रस्सी में बंदियों ने अपने कंबल और कपड़ों का उपयोग किया।
सुबह प्रकरण संज्ञान में आने के बाद जेल प्रशास के हाथ-पांव फूल गए। भागने वाले बंदियों में चोरी का आरोपित सुलतानपुर के करौंधी कला अमरे मऊ निवासी शेर अली और अमेठी के मुसाफिर खाना निवासी एससीएसटी एवं पाक्सो एक्ट आरोपी सूरज उर्फ गोलू अग्रहरि है।
शेर अली गत 28 नवंबर 2024 तथा गोलू गत 14 सितंबर 2025 से जेल में निरुद्ध था। दोनों का जेल में व्यवहार अच्छा न होने के कारण उन्हें विशेष सुरक्षा बैरक (तन्हाई) में रखा गया था। इस घटना ने जेल की सुरक्षा पर प्रश्न चिह्न लगा दिया है। 2012 में भी एक बंदी जेल की निगरानी को धता बताते हुए मेन गेट से निकल भागा था, जिसे बाद में पकड़ा गया।
घटना की सूचना पाकर डीआइजी जेल एसके मैत्रेय ने भी कारागार पहुंच कर जांच-पड़ताल की। उन्होंने बताया कि इस मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। निगरानी में लापरवाही बरतने वाले जेल वार्डरों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
इनायतनगर में किशोरी के साथ किया था दुष्कर्म
गोलू उर्फ सूरज अग्रहरि ने गत 31 अगस्त को इनायतनगर थाना क्षेत्र में एक अनुसूचित जाति की बालिका के साथ छेड़छाड़ किया था। बालिका छत पर सो रही थी, तभी गोलू ने उसे अकेला पाकर छेड़छाड़ व दुष्कर्म का प्रयास किया था। इस मामले में पुलिस ने उसे पकड़ कर जेल भेजा था। वहीं, शेर अली पर कोतवाली बीकापुर में अवैध हथियार रखने सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत है। सुलतानपुर के जयसिंहपुर थाना में शेर अली के विरुद्ध गुंडा एक्ट का मुकदमा पंजीकृत है। इसके अतिरिक्त उस पर जौनपुर के सरपतहा थाना में भी प्राथमिकी दर्ज है। दोनों बंदियों के फरार होने के मामले में कोतवाली नगर में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है।







