0 जाको राखे साईयां मार सके न कोय… मातम खुशियों में तब्दील
मिंर्जापुर। उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर में एक लड़की नहर के पानी में डूब गई थी। पुलिस मृत समझकर पोस्टमार्टम की तैयारी कर रही थी। इसी बीच परिजनों ने कहा कि बेटी को डॉक्टर के पास ले जाएंगे। परिजनों की जिद पर पुलिस बॉडी को पटेहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने जांच की तो पता चला कि उसकी हार्टबीट चल रही है।
मामला मिर्जापुर के संतनगर थाना क्षेत्र के राहकलां हउदवा गांव में सामने आया है। रविवार की शाम एक लड़की नहर के पानी में मिली। स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी जिला पंचायत सदस्य को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लड़की को पानी से बाहर निकलवाया गया। गांव के लोगों ने लड़की की पहचान की और परिवार के लोगों को मौके पर बुलाया। पुलिस लड़की को मृत समझकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाने की तैयारी कर रही थी। परिवार में मातम पसरा हुआ था। इसी बीच परिजनों ने कहा कि बेटी को डॉक्टर के पास लेकर जाएंगे। परिजनों की जिद के आगे पुलिस को नतमस्तक होना पड़ा। पुलिस बॉडी को लेकर पटेहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। यहां डॉक्टरों ने जांच शुरू की तो पता चला कि उसकी हार्टबीट चल रही है। इसके बाद डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया तो रविना बोल उठी। बेटी के जिंदा होने की खबर से परिवार में पसरा मातम खुशियों में तब्दील हो गया।







