अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस में पुलिस अधीक्षक (हेडक्वार्टर) के पद पर तैनात आशुतोष मिश्रा की मां की हत्या के मामले में पुलिस के हाथ खाली हैं। अब पुलिस करीबियों की कॉल डिटेल खंगाल रही है। एसओजी-सर्विलांस और फोरेंसिक टीम ने फिर से सबूत जुटाए हैं। ग्रामीणों और रिश्तेदारों से पूछताछ की गई है। अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
मालीपुर के रूड़ा धमरूआ गांव में आईपीएस आशुतोष मिश्रा का घर गांव की शुरूआत में है। इसके बाद अन्य ग्रामीणों के घर हैं। आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती के हत्या के बाद गांव में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई। सोमवार को पूरा गांव छावनी में तब्दील नजर आया। गांव की सीमा शुरू होते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ व पुलिस का पहरा देखने को मिला।
सीओ अनूप सिंह इंद्रावती के घर के बाहर खड़े नजर आए। सूत्रों के अनुसार सोमवार को एसओजी, सर्विलांस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोबारा गहन जांच की और मौके से उपलब्ध साक्ष्यों को जुटाने का प्रयास किया।

यह था पूरा मामला
उत्तर प्रदेश पुलिस में पुलिस अधीक्षक हेडक्वार्टर के पद पर तैनात आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती (91) से लूट के बाद उनकी हत्या कर दी गई। रविवार सुबह अंबेडकरनगर के मालीपुर के रूढ़ा धमरूआ गांव स्थित उनके घर पर उनका शव मिला। उनके मुंह से खून बह रहा था, शरीर से सोने के जेवर भी गायब थे।
डीआईजी सोमेन वर्मा, एसपी प्राची सिंह समेत तमाम अधिकारियों ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान मुंह में कपड़ा ठूंसे जाने की भी बात सामने आई है। पुलिस नेअज्ञात के खिलाफ लूट और हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
मालीपुर के रूढ़ा धमरूआ निवासी आशुतोष मिश्र की मां इंद्रवती (91) पिछले करीब दो सप्ताह से गांव स्थित पैतृक घर पर अकेली रह रही थीं। शनिवार दोपहर को एसपी आशुतोष मिश्रा भी अपनी मां से मिलने आए थे लेकिन ड्यूटी के चलते वह कुछ ही देर में वापस लखनऊ लौट गए थे।
एसपी को चाचा ने दी मां की मौत की सूचना
रविवार सुबह करीब 10 बजे आशुतोष मिश्रा को उनके चाचा सचिंद्र मिश्रा ने फोन कर सूचना दी कि उनकी मां इंद्रावती को हार्ट अटैक आया है और उनकी मौत हो गई है। सूचना मिलते ही वे लखनऊ से घर पहुंचे। घर पहुंचने पर एसपी आशुतोष मिश्रा ने अपनी मां के शव का निरीक्षण किया।

शरीर से गहने भी थे गायब
उन्होंने देखा कि उनके मुंह से खून निकल रहा था। इसके साथ ही, मां के गले से सोने की चेन गायब थी। सोने के दानों वाली तुलसी की माला भी शव पर नहीं मिली। नाक की कील और कान के टप्स भी गायब पाए गए। पैरों में पहनी जाने वाली पायल भी शव पर नहीं थी। तथ्यों के आधार पर आशुतोष मिश्रा ने लूट और हत्या की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मुंह और हाथ पर मिले चोट के निशान
देर रात आई इंद्रावती की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। मौत की वजह जानने के लिए डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित कर लिया है। पोस्टमार्टम के दौरान इंद्रावती के मुंह और हाथ में चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। ऐसे में मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।







