सहारनपुर। चार बच्चों की मां प्रेमी संग फरार हो गई। आरोप है कि पत्नी घर में रखी नकदी और सोने चांदी के आभूषण भी अपने साथ ले गई है। पीड़ित पति ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
देवबंद नगर के एक मुहल्ला निवासी व्यक्ति ने रविवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 फरवरी को रात्रि लगभग आठ बजे वह किसी काम से घर से बाहर गया था। जब वह वापस लौटा तो उसकी पत्नी घर से गायब थी। बच्चों से पूछा तो उन्होंने बताया कि मम्मी सामान लेने कहीं बाहर गई है।
जब काफी समय तक उसकी पत्नी घर नहीं लौटी तो उसने उसकी तलाश शुरू की। जानकारी करने के दौरान मालूम हुआ कि उसकी पत्नी को गांव टपरी निवासी एक युवक अपने साथ ले गया है। यह भी जानकारी हुई कि उक्त युवक से पत्नी का लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था तथा दोनों के फोटो और वीडियो भी एक साथ है।
पति का आरोप है कि पत्नी जाते समय घर से 53 हजार रुपये की नकदी और सोने चांदी के जेवरात भी अपने साथ ले गई। पीड़ित पति ने पुलिस से पत्नी व प्रेमी के खिलाफ कार्रवाई करने और जेवरात व नकदी वापस दिलाने की मांग की है।







