अलीगढ़। इसे प्यार का जूनून कहें या रिश्तों की उलझन, अलीगढ़ के मडराक और दादों थाना क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने ‘रिश्तों की मर्यादा’ की परिभाषा ही बदल दी है। 10 महीने पहले जिस सास ने अपने होने वाले दामाद के साथ भागकर सनसनी फैलाई थी, अब उसी सास ने अपने ‘दामाद-प्रेमी’ को बड़ा झटका देते हुए अपने ही बहनोई के साथ नई दुनिया बसा ली है।
फ्लैशबैकः जब दामाद बना ‘हमसफर’
किस्सा अप्रैल 2025 में शुरू हुआ था, जब यह महिला अपनी बेटी के होने वाले पति, राहुल के साथ घर छोड़कर भाग गई थी। पुलिस काउंसलिंग और काफी ड्रामे के बाद, दोनों ने साथ रहने का फैसला किया और बिहार के सीतामढ़ी में जाकर बस गए। राहुल वहां कपड़े का काम करने लगा और ऐसा लगा कि अब यह अनोखी प्रेम कहानी शांत हो गई है।
ट्विस्टः दामाद का कटा ‘पत्ता’, साले साहब की एंट्री
राहुल का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से महिला अपने मायके वालों और बहनोई के संपर्क में थी। 6 फरवरी को जब राहुल काम पर गया था, तभी गंगीरी निवासी उसका बहनोई सीतामढ़ी पहुंचा और सासू मां को अपने साथ ले उड़ा। राहुल जब घर लौटा, तो न वहां ‘सजन’ थे और न ही ‘सामान’।
गया क्या-क्या?
नकदः ₹2 लाख रुपये,जेवरातः भारी मात्रा में गहने,
भरोसाः दामाद का दिल बुरी तरह टूट चुका है।
इधर पति ने भी कर लिया ‘बैकअप’ प्लान
जब पत्नी दामाद के साथ फरार हुई थी, तब समाज में बदनामी झेल रहे पति ने अब अपनी जिंदगी का नया अध्याय शुरू कर दिया है। ग्रामीणों के मुताबिक, पत्नी की हरकतों से तंग आकर पति ने करीब 15 दिन पहले ही दूसरी शादी कर ली है। घर में नई दुल्हन आ चुकी है, लेकिन महिला के दो बच्चों के लिए यह पूरी स्थिति किसी मानसिक आघात से कम नहीं है।
पुलिस के सामने ‘बॉर्डर’ की चुनौती
पीड़ित राहुल अब अलीगढ़ के दादों थाने के चक्कर काट रहा है। थाना प्रभारी सरिता द्विवेदी का कहना है कि मामला बिहार के सीतामढ़ी और नेपाल बॉर्डर से जुड़ा है, इसलिए कानूनी पेचदगियां अधिक हैं। हालांकि, शिकायत दर्ज कर संबंधित जिले की पुलिस को सूचित कर दिया गया है।
निष्कर्षः अलीगढ़ की इस ‘सासू मां’ ने यह साबित कर दिया है कि उनकी कहानी में ट्विस्ट कभी भी आ सकता है। फिलहाल बेचारा दामाद अब ‘ना घर का रहा ना घाट का’।







