फर्रूखाबाद । स्वजन को नींद की गोली खिलाकर जेवर व नकदी लेकर किशोरवय प्रेमी के साथ गई किशोरी की नाक व मुंह दबाकर हत्या कर दी गई। आरोपितों ने बोरी में शव भरकर नदी किनारे गड्ढे में फेंक दिया। पुलिस ने घटना के पांचवें दिन बाल अपचारी की निशानदेही पर नदी के किनारे गड्ढे से शव बरामद कर लिया। पुलिस जेवर व नकदी की बरामदगी और फरार दो साथियों की तलाश कर रही है।
पुलिस को बाल अपचारी ने बताया कि शादी करने का दबाव बनाने पर उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी 28 मार्च की रात में नींद की गोली मिले दूध को पिलाकर स्वजन को सुला दिया। उसके बाद घर से दो जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी टाप्स, एक चेन, एक जोड़ी पायल, 50 हजार रुपये व आधार कार्ड आदि लेकर गांव के ही 16 वर्षीय प्रेमी के साथ चली गई थी। 30 मार्च की शाम चार बजे किशोरी के पिता ने उसके प्रेमी और उसके साथी रोहित व कुलदीप के खिलाफ पुत्री को बहला फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया था।
गुरुवार को पुलिस ने उसके प्रेमी को पकड़ कर पूछताछ की। उसने बताया कि किशोरी उससे शादी करने का दबाव बना रही थी। इसलिए उसने 28 मार्च की रात को ही उसकी नाक व मुंह दबाकर हत्या कर दी। उसी रात वह उसका शव बोरी में भरकर साथी के साथ बाइक से नदी में फेंक आया था। गुरुवार दोपहर 2.45 बजे नवाबगंज थानाध्यक्ष राजीव कुमार उसके प्रेमी को लेकर मोहम्मदाबाद कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला के साथ मोहम्मदाबाद के रठौरा-छिबरामऊ मार्ग पर गांव कुम्हौली स्थित काली नदी के पास पहुंचे। श्मशान घाट के पास बने गड्ढे में पुलिस ने किशोरी का बोरी में भरा शव बरामद कर लिया।
घटनास्थल पर पहुंचे माता-पिता व अन्य स्वजन पुत्री का शव देखकर बिलखने लगी। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश द्विवेदी ने घटनास्थल का जायजा लिया। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने जब बोरी से किशोरी का शव निकाला तो उसमें कीड़े पड़ गए थे। शव के सडऩे से दुर्गंध आ रही थी। जिससे पुलिस कर्मियों को जांच करने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। अपर पुलिस अधीक्षक ने किशोरी के पिता को आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने बताया कि किशोरी अपनी मर्जी से बाल अपचारी के साथ गई थी। सीसीटीवी कैमरे में वह जाते हुए दिखाई दे रही है। शादी करने का दबाव बनाने पर बाल अपचारी ने किशोरी की हत्या की है। पोस्टमार्टम में किशोरी की मौत की वजह स्पष्ट होगी। अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।







