Home » हेलीकॉप्टर की हवा से सड़क पर गिरे कई बाइक सवार, पुष्प वर्षा के दौरान हादसा, वीडियो वायरल
उत्तर प्रदेश

हेलीकॉप्टर की हवा से सड़क पर गिरे कई बाइक सवार, पुष्प वर्षा के दौरान हादसा, वीडियो वायरल

झांसी।  उत्तर प्रदेश के झांसी में कांवड़ यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा के बीच ऐसा नजारा सामने आया जिसे देखकर लोग हैरान रह गए। हेलीकॉप्टर काफी नीचे होने के कारण हवा का दबाव इतना बढ़ गया कि सड़क पर चल रहे लोग संभल नहीं पाए और कुछ राहगीर और बाइक सवार गिर पड़े। सड़क किनारे लगे होर्डिंग और बैनर फट गए, चाय का ठेला और टेंट का सामान भी हवा के दबाव से उड़कर पलट गया। पूरी घटना एक बच्चे के मोबाइल कैमरे में कैद हो गई।

सड़क से गुजर रहे कई बाइक सवार असंतुलित होकर जमीन पर गिरे

बताया जा रहा है कि पुष्प वर्षा के दौरान हेलीकॉप्टर काफी नीचे आ गया। हेलीकॉप्टर के पंखों से पैदा हुए तेज हवा के दबाव की वजह से सड़क से गुजर रहे कई बाइक सवार अचानक असंतुलित हो गए और बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। खास बात यह है कि इसी दौरान एक बच्चा अपने मोबाइल फोन से हेलीकॉप्टर से की जा रही पुष्प वर्षा का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान अचानक बाइक सवारों के गिरने की घटना भी उसके कैमरे में कैद हो गई।

हादसे का वीडियो वायरल होने के बाद उठ रहे हैं सवाल

अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद हेलीकॉप्टर की कम ऊंचाई पर उड़ान और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज है।

Search

Archives