Home » चित्रकूट में हादसा : दो युवकों की मौत, ट्रक में फंसकर 200 मीटर घिसटी बाइक
उत्तर प्रदेश

चित्रकूट में हादसा : दो युवकों की मौत, ट्रक में फंसकर 200 मीटर घिसटी बाइक

चित्रकूट। झांसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रहे ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, और फिर घसीटते हुए 200 मीटर लेकर गया, जिससे ट्रक में आग लग गई और बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। ट्रक चालक और खलासी घटना के बाद फरार हो गए हैं। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।

यह घटना कर्वी कोतवाली क्षेत्र के चकमाली गांव के पास मंगलवार की रात करीब 10 बजे की है। थाना मऊ के चनहट, हाल पता आरटीओ ऑफिस कर्वी के पास रहने वाले 40 वर्षीय राम सजीवन और कालूपुर निवासी लवकुश उर्फ मोंटी बाइक से बड़ी पुलिया की ओर जा रहे थे। तभी कर्वी की ओर पीछे से तेज रफ्तार ट्रक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

बाइक से उठी चिंगारी से ट्रक में आग लग गई

कुचलने से राम सजीवन की मौके पर मौत हो गई जबकि बाइक सहित मोंटी फंसकर ट्रक में 200 मीटर तक घिसट गया। बाइक से उठी चिंगारी से ट्रक में आग लग गई। यह देख चालक और खलासी ट्रक छोड़कर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस राम सजीवन और मोंटी को एंबुलेंस से लेकर जिला अस्पताल पहुंची, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो घंटे रहा जाम

राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो घंटे जाम रहा। कोतवाली प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया गया है। ट्रक को किनारे कर यातायात बहाल कर दिया गया है। हादसा कैसे हुआ यह पता किया जा रहा है।

Search

Archives