बागपत। अनुसूचित जाति की 10वीं की छात्रा के साथ मुस्लिम युवक ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया। मतांतरण कराने के इरादे से स्कूल जाते समय छात्रा का अपहरण करने की कोशिश की। अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपित पिछले दो साल से छात्रा को ब्लैकमेल कर रहा था। पूर्व में उसका अपहरण किया जा चुका है। वहीं पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल कराया और मुख्य आरोपित युवक को गिरफ्तार किया।
पीड़ित छात्रा बागपत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। उसके पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी गत 14 जनवरी को स्कूल जा रही थी। आरोप है कि गांव का युवक आरिफ ने रास्ते में गाड़ी रोककर बेटी पर बैठने का दबाव बनाया। आपत्ति करने पर पूर्व में बनाई गई अश्लील वीडियो वायरल करने और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी। बेटी घबराकर गाड़ी में बैठ गई। इसके बाद आरिफ ने मतांतरण कर निकाह करने की बात कहीं।
शोर मचाने पर आरोपित आरिफ बेटी को कार से उतारकर धमकी देता हुआ भाग गया। इस घटना के बाद बेटी बहुत ही डरी हुई थी। घर पहुंचकर भोजन भी नहीं किया। इसका कारण पूछा तो बेटी ने पूरी घटना बया कर दी। आरोप है कि बेटी के साथ आरिफ पिछले दो साल से दुष्कर्म कर रहा था। धोखे से अश्लील वीडियो बना ली थी। आरोपित ने अपने दो साथियों से भी सामूहिक दुष्कर्म कराया।
इनमें एक युवक दूसरे समुदाय का है। मुंह खोलने पर बेटी को पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी थी। आरिफ ने पूर्व में भी बेटी का अपहरण किया है। इस घटना से उनके परिवार की बदनामी हो रही है। उनकी सुरक्षा और आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। घटना को पुलिस ने गंभीरता से लिया। पीड़िता का अस्पताल में मेडिकल कराया।
कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार का कहना है कि घटना का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित आरिफ को गिरफ्तार किया गया है। विवेचना के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।







