भाटपाररानी, (देवरिया)। फुलवरिया – मझौली मार्ग पर स्थित फुलवरिया पेट्रोल पंप के पास शुक्रवार की भोर में ट्रक और पेट्रोल टैंकर की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में टैंकर में सवार दो कंडक्टरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सुरक्षित बच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, भारत पेट्रोलियम का टैंकर मैरवा से पेट्रोल खाली कर बैतालपुर स्थित डिपो लौट रहा था। भोर के समय जब टैंकर फुलवरिया पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर में सवार दोनों खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गौरी बाजार थाना क्षेत्र के गुड़ही गांव निवासी शेषनाथ (35) पुत्र गिरधारी तथा बिहार के नालंदा जिले के बिहार शरीफ थाना क्षेत्र के बनौलिया गांव निवासी मोहम्मद अफरोज (45) पुत्र मोहम्मद शमी के रूप में हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी।
भाटपाररानी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शवों को कब्जे में लिया और विधिक कार्रवाई के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार राय ने बताया कि ट्रक और टैंकर की भिड़ंत में दो लोगों की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।







