प्रयागराज। जंघई क्षेत्र के चौकी कला गांव की रहने वाली यूपी बोर्ड हाईस्कूल की छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। जानकारी होने पर बिलखते पहुंचे घरवालों के मुताबिक उसका हिंदी का प्रश्नपत्र ठीक नहीं हुआ था, जिस कारण वह दुखी थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची जीआरपी जंघई ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
छात्रा का सेंटर जंघई के स्कूल में था
जौनपुर जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के चौकी कला गांव निवासी सुरेश जैसवार की 15 वर्षीय बेटी गरिमा जैसवार आरडी मेमोरियल मार्डन कान्वेंट इंटरमीडिएट कालेज जंघई में हाईस्कूल छात्रा थी। उसका परीक्षा केंद्र श्रीदेवी प्रसाद इंटर कालेज पिलखिनी जंघई में था।
जंघई रेलवे फाटक पर घटना हुई
शुक्रवार सुबह करीब सात बजे गरिमा घर से साइकिल से सामाजिक विज्ञान की परीक्षा देने के लिए निकली। बताया जाता है कि गरिमा जंघई फाटक के पास पहुंची। इसी दौरान उधर से गुजर रही जौनपुर से प्रयागराज जा रही एजे पैसेंजर ट्रेन के सामने कूद गई। मौके पर उसकी मौत हो गई।
छात्रा के चाचा बोले- हिंदी का पेपर ठीक नहीं हुआ था
सूचना मिलने पर मीरगंज, जंघई व सरायममरेज की पुलिस और आरपीएफ व जीआरपी जंघई मौके पर पहुंची। छात्रा की मौत की सूचना मिलने पर मौके पर घरवाले भी पहुंच गए। गरिमा के चचेरे चाचा राजेश ने बताया कि हिंदी का पेपर ठीक नहीं हुआ था। उसके तीन प्रश्न छूट गए थे, जिसे लेकर गरिमा तनाव में थी।
पुलिस कर रही जांच-पड़ताल
जीआरपी जंघई प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा का कहना है कि मृतक के स्वजन ने बताया कि हिंदी का पेपर ठीक नहीं हुआ था, जिस कारण वह परेशान थी। इसी वजह से उसने खुदकुशी की है। हालांकि पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।







