मोदीनगर (गाजियाबाद)। मोदीनगर में एक सिरफिरे युवक ने एक युवती से मिलने उसके घर पहुंच गया और हंगामा करने लगा। युवती के भाई ने जब विरोध किया तो साथियों के साथ मिलकर उसे पीटा और दहशत फैलाने के लिए 4-5 राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने एक नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलाके में दहशत का माहौल है।
एक गांव के व्यक्ति के मुताबिक, वे अपने घर पर बैठे थे। इस बीच तीन युवक उनके आ गए। आरोप था कि इनमें से एक युवक उनकी बेटी को पहले भी तंग कर चुका है।
विरोध किया तो वह भड़क गया
युवती के भाई ने जब आरोपित के यहां आने का विरोध किया तो वह भड़क गया। उनसे गाली-गलौज करने लगा। कुछ ही देर में नौबत मारपीट तक गई। तीनों आरोपित युवक को बुरी तरह पीटने लगे। युवक को बचाने जब छोटा भाई आया तो उसके साथ भी मारपीट कर दी। इतना ही नहीं, आरोपित ने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग घर से बाहर आ गए। जब मौके पर भीड़ इकट्ठा होने लगी तो आरोपित पिस्टल लहराते हुए फरार हो गया। फायरिंग के चलते मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इस मामले में एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर एक नामजद व दो अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। जल्द सभी की गिरफ्तारी होगी।







