मुजफ्फरनगर। चार बीघा जमीन के लिए एक युवक ने बड़े भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने 12 घंटे के भीतर घटना का राजफाश करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस खोखा बरामद कर लिया है। यह वारदात गुरुवार रात तितावी थाना क्षेत्र नूनाखेड़ा में हुई थी।
नूनाखेड़ा निवासी समरपाल का शव ट्यूबवेल के निकट पड़ा मिला था। उसकी गोली मारकर हत्या की गई थी। घटना को इस तरह अंजाम दिया गया, जिससे अज्ञात बदमाशों पर शक हो। पुलिस ने ग्रामीणों से समरपाल के बारे में छानबीन की, तो उसमें पता चला कि समरपाल और उसके भाई अमरपाल उर्फ कल्लू के बीच खेती की जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार को पुलिस ने तितावी पुल के नीचे से अमरपाल उर्फ कल्लू को गिरफ्तार किया। उससे कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने घटना से पर्दा उठा दिया।
इसके पश्चात पुलिस ने उसकी निशानदेही पर तमंचा और कारतूस खोखा बरामद किया। मालूम चला है कि समरपाल के ताऊ ने अपनी आठ बीघा जमीन की वसीयत समरपाल के नाम कर रखी थी। दो महीने पहले ही ताऊ का निधन हो गया।
उसके बाद से समरपाल और अमरपाल चार-चार बीघा कृषि भूमि का उपयोग कर रहे थे। आरोप है कि अमरपाल द्वारा समरपाल पर दबाव बनाया जा रहा था कि वह अपने हिस्से की जमीन भी अमरपाल के नाम कर दे, लेकिन समरपाल इसके लिए तैयार नहीं था। इसी को लेकर विवाद चल रहा था। तितावी थाना प्रभारी निरीक्षक नेमचंद सिंह ने बताया कि आरोपित अमरपाल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है। कोर्ट के आदेश पर आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।






