Home » नीचे ना उतरबू तव हमका जेल होई जाई’, टावर पर चढ़ी पत्नी से माफी मांगकर रोने लगा पति
उत्तर प्रदेश

नीचे ना उतरबू तव हमका जेल होई जाई’, टावर पर चढ़ी पत्नी से माफी मांगकर रोने लगा पति

लालापुर। प्रयागराज में सोमवार को एक महिला पति से विवाद के बाद नाराज होकर 40 मीटर ऊंचे टावर पर चढ़ गई। एसीपी बारा तहसीलदार के साथ ही लालापुर पुलिस महिला को समझाने पहुंची। पति भी माफी मांगकर रोता रहा। पति ने कहा नीचे ना उतरबू तव हमका जेल होई जाई। शाम करीब चार बजे वह नीचे उतरी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत ठीक बताई है।

मामला सोमवार की सुबह लगभग 11ः30 बजे का है। बसहरा तरहार के अजय कुमार पटेल की पत्नी वंदना के बीच सोमवार सुबह किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद करीब 11 बजे अजय कहीं निकल गया। 10 मिनट बाद वंदना घर से निकली और लगभग आधा किलोमीटर दूर स्थित खेत में पहुंच गई। यहां ट्रांसमिशन पावर लाइन गुजरी है, जिसके लिए करीब 40 मीटर ऊंचा टावर लगा है। वंदना टावर पर चढ़ गई। ग्रामीणों ने देखा तो भीड़ जुट गई। खबर मिलते ही पति अजय पटेल भी आ गया। कुछ ही देर में लालापुर थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे और एसडीओ से वार्ता की। इसके बाद ट्रांसमिशन पावर लाइन के एसडीओ मुकेश गुप्ता एवं जूनियर इंजीनियर निशाकांत प्रजापति ने आपूर्ति बंद करवाई। पुलिस के साथ ही बारा तहसील से पहुंचे अधिकारी वंदना से नीचे उतरने का आग्रह किया। कहा, जो मांग है उसे पूरा किया जाएगा, लेकिन वह रोए जा रही थी।

भाई बोला- जो तुम कहोगी, वही होगा

पति भी टावर से नीचे उतरने का आग्रह कर रहा था। करीब दो घंटे बाद वंदना का भाई संदीप पटेल निवासी नरैना करछना कई लोगों के साथ पहुंचा और कहा कि वंदना नीचे उतर आओ, नहीं तो माता-पिता मर जाएंगे। नीचे उतर आओ, हम तुमको अपने घर ले चलेंगे, जो तुम कहोगी, वही होगा।

काफी मान मनौव्वल के बाद करीब चार बजे वह रोते हुए नीचे उतरने लगी। इस बीच उसका पैर लड़खड़ाया तो पुलिसकर्मियों ने उसे वहीं रुकने को कहा। इसके बाद सिपाही राहुल पटेल, राकेश सिंह व लाइनमैन राकेश भारतीय टावर पर चढ़े। रस्सी के सहारे धीरे-धीरे उसे नीचे उतारा। इसके बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच कर उसकी हालत ठीक बताई। पुलिस ने वंदना से पूछताछ की तो उसने बताया कि पति प्रतिदिन उसे मारता-पीटता है। सोमवार सुबह भी उसे मारा-पीटा था। इससे आक्रोशित होकर वह जान देने के लिए टावर पर चढ़ी थी।

Search

Archives