Home » कफ सीरप तस्करीः सरगना शुभम के पिता समेत 10 पर चार्जशीट, वाराणसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
उत्तर प्रदेश

कफ सीरप तस्करीः सरगना शुभम के पिता समेत 10 पर चार्जशीट, वाराणसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

वाराणसी। सारनाथ थाना में दर्ज कफ सीरप तस्करी प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरगना शुभम जायसवाल के पिता भोला प्रसाद समेत 10 आरोपितों के खिलाफ कोर्ट में आरोपपत्र (चार्जशीट) दाखिल कर दिया है। यह मामला पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में दर्ज दूसरे मुकदमे से जुड़ा है, जिसकी जांच अब पूरी कर ली गई है। इससे पहले रोहनिया थाने में दर्ज मामले में पुलिस चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क का मुख्य सूत्रधार शुभम जायसवाल फिलहाल दुबई में छिपा हुआ है। अदालत ने उसे 30 मार्च तक पेश होने का समय दिया है। निर्धारित समय सीमा के बाद उसकी संपत्ति कुर्क करने समेत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान पुलिस को चेक बुक, पीडी फार्मा की मुहर, लेटर पैड, हस्ताक्षरयुक्त 120 बिल, एक एटीएम कार्ड, लैपटाप और मोबाइल फोन जैसे अहम साक्ष्य मिले थे। इन दस्तावेजों के आधार पर कानपुर और प्रयागराज के कारोबारियों सहित कई लोगों की संलिप्तता सामने आई।

सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि ई-वे बिल, बैंक स्टेटमेंट, नकद जमा पर्चियां, बैंक सीसीटीवी फुटेज, आयकर रिटर्न, काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर), कोडीन युक्त कफ सीरप की फारेंसिक रिपोर्ट, दवा कंपनियों की रिपोर्ट और टोल प्लाजा के डेटा सहित कई साक्ष्यों को खंगालने के बाद आरोपितों के खिलाफ मजबूत केस तैयार किया गया। बैंक अधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों के बयान भी जांच में शामिल किए गए।

पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में दर्ज चार मामलों में से दो में अब तक चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है, जबकि अन्य मामलों की जांच जारी है। वाराणसी के विष्णु कुमार पांडेय, लोकेश अग्रवाल, प्रतीक कुमार, आकाश पाठक, प्रयागराज निवासी सुरेशचंद्र गुप्ता, फैजुर रहमान, सत्येंद्र कुमार साहू, मोहम्मद सैफ और कानपुर के विनोद अग्रवाल हैं।

Search

Archives