Home » शादी से पहले दुल्हन की हार्ट अटैक से मौत, बुआ की मौत के बाद दो और लोगों ने तोड़ा दम
उत्तर प्रदेश

शादी से पहले दुल्हन की हार्ट अटैक से मौत, बुआ की मौत के बाद दो और लोगों ने तोड़ा दम

अमरोहा। अमरोहा नगर में शादी से एक महीना पहले हार्टअटैक से युवती की मौत हो गई। भतीजी के निधन की खबर सुनकर घर पहुंची बुआ को भी हार्टअटैक आया तथा उनकी भी मौत हो गई। वहीं सुबोधनगर कालोनी में भी युवक की मौत हुई है। हार्टअटैक से चार मौत होने का मामला जिले में चर्चा में है।

अमरोहा नगर के मुहल्ला बेगम सराय में बुआ-भतीजी की मौत भी हार्टअटैक से हुई है। यहां रहने वाले यासीन ने अपनी बेटी फरहीन की शादी दिल्ली में तय की थी। एक महीना बाद फरहीन की बरात आनी थी। घर में शादी की तैयारी चल रही थीं। शुक्रवार दोपहर फरहीन घर में बैठकर प्याज काट रही थी। अचानक वह बेहोश हो गई। स्वजन चिकित्सक के पास ले गए तो उसकी मौत हो चुकी थी। चिकित्सक ने मौत का कारण हार्टअटैक बताया है।

भतीजी के गम में फूपी की मौत

उधर भतीजी की मौत की सूचना मिलने पर फरहीन की बुआ फूल बी नहटौर से दफीने में शामिल होने आई थीं। घर में पहुंचते ही फूल बी भी बेहोश होकर गिर पड़ीं। अभी स्वजन उन्हें चिकित्सक के पास ले जा रहे थे कि उनकी भी मौत हो गई। उधर हार्टअटैक से चौथी मौत नगर से सटे मुहल्ला सुबोधनगर कालोनी की है। यहां पर रहने वाले सौरभ शर्मा हरियाणा में एक कंपनी में नौकरी करते थे। शुक्रवार शाम वह हरियाणा से घर आए थे।

शनिवार सुबह वह कांठ में रहने वाली अपनी बहन के घर गए थे। वहां अचानक तबियत बिगड़ी तो स्वजन उन्हें लेकर मुरादाबाद पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने सौरभ शर्मा को हार्टअटैक के चलते मृत घोषित कर दिया। चार लोगों की मौत से लोग दहशत में हैं।

बग्गी चलाने वाले की हार्ट अटैक से मौत

इसी तरह का मामला जिले के रहरा थाना क्षेत्र के गांव बुरावली का है। शुक्रवार दोपहर गांव के रहने वाले छुट्टन सिंह की बेटी सुंदरी की बरात पास के गांव सौंधन से आई थी। दूल्हा बना जयचंद बग्गी पर बैठा था। बरात चढ़ रही थी तथा बराती फिल्मी गीतों पर नाच रहे थे। दूल्हा की बग्गी गांव पतेई खादर निवासी विजय कुमार चला रहे थे। इसी दौरान विजय कुमार अचानक बेहोश होकर गिर गए। उन्हें फौरन निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है।

Search