बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक 15 साल की दलित लड़की को कथित तौर पर किडनैप करके एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। मामला उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के अतर्रा थाने का है।
जानकारी के अनुसार, दो लड़कों और एक नाबालिग ने नाबालिग से दुष्कर्म किया और फिर उसे एक पुल के नीचे छोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, जुर्म में शामिल दो लड़कों को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं, नाबालिग को बुधवार, 18 फरवरी को पकड़ लिया गया था।
पीड़िता को दी धमकी
जब आरोपी नाबालिग को अपने साथ लेकर गए तब कुछ होश आने पर उसने विरोध किया। इस पर आरोपियों ने पीड़िता की पिटाई की और उसे धमकी दी। जब पीड़िता किसी तरह घर पहुंची तो उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद पिता और परिजनों ने थानें में जाकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बिना देर किए आरोपियों की तलाश शुरु कर दी और उन्हें पकड़ लिया गया।
आरोपियों की हुई पहचान
अतर्रा सर्कल ऑफिसर प्रवीण यादव के मुताबिक, यह घटना मंगलवार रात 8.30 बजे हुई। गिरफ्तार लोगों की पहचान कर ली गई है। पहले पीड़िता को नशीला पदार्थ सुंघाया गया और फिर आरोपी उसे होटल ले गए। पीड़िता के पिता की शिकायत में कहा गया कि उनकी बेटी एक दोस्त के साथ अतर्रा शहर के बाजार गई थी। तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन आरोपियों ने उसे कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया।
सीओ यादव ने बताया कि वे आधी बेहोश नाबालिग को स्टेशन रोड पर एक होटल में ले गए, अपराध किया और फिर उसे केन नहर पुल के नीचे छोड़कर भाग गए।
सीओ ने बताया कि बुधवार को मामला दर्ज किया गया और सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया। बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब यूपी में इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया है। इससे पहले भी दुष्कर्म के मामले सामने आए हैं। आरोपियों के मन में कानून का खौफ खत्म होता जा रहा है। हालांकि, सीएम योगी ने गंभीर अपराध करने वालों को सख्त हिदायत दी है। फिलहाल, पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।







