Home » IND vs ENG: गंभीर और पिच क्यूरेटर के बीच क्यों हुआ विवाद? सामने आई सच्चाई
खेल

IND vs ENG: गंभीर और पिच क्यूरेटर के बीच क्यों हुआ विवाद? सामने आई सच्चाई

भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला लंदन के ओवल पर खेला जाएगा। 31 जुलाई से शुरू होने वाले मैच से पहले विवाद हो गया। भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और ओवल के पिच क्यूरेटर ली फोर्टिस के बीच मंगलवार को तीखी बहस हो गई। इस दौरान गंभीर काफी गुस्से में नजर आए और उन्हें फोर्टिस को जाने का इशारा भी करते देखा गया।

मैनचेस्टर टेस्ट के बाद भारतीय टीम सोमवार को लंदन पहुंची। मंगलवार को टीम ने ओवल में वैकल्पिक प्रशिक्षण सत्र में भाग लिया। इस दौरान गौतम गंभीर और सरे के मुख्य ग्राउंड्समैन के बीच तीखी बहस हो गई। ईएसपीएनक्रिकइनफो की रिपोर्ट के अनुसार, ली फोर्टिस पिच के ज्यादातर हिस्से को भारतीय टीम द्वारा प्रशिक्षण के लिए इस्तेमाल करने से खुश नहीं थे। उन्होंने कुछ खिलाड़ियों और कोच के पिच के करीब आने पर भी चिंता जताई थी।

फोर्टिस ने गंभीर को दी शिकायत की धमकी- रिपोर्ट के अनुसार, जिस वक्त भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक फोर्टिस से इस संबंध में चर्चा कर रहे थे तभी गंभीर बीच में आ गए। फोर्टिस को गंभीर से यह कहते हुए सुना गया कि वे बहस न करें और यदि वे ऐसा करते रहे तो उन्हें ‘मैच रेफरी को रिपोर्ट करना होगा।’ कोटक और फोर्टिस नेट के किनारे बातचीत करते रहे। फिर गंभीर ने कोटक से कहा कि वह फोर्टिस से बातचीत में न पड़ें और कहा कि वह (फोर्टिस) जाकर मैच रेफरी को रिपोर्ट कर सकते हैं।

‘आप हमें नहीं बता सकते’- जब फोर्टिस ने उन्हें फिर से चेतावनी दी, तो गंभीर को यह कहते सुना गया, ‘आप इसे बंद करें। आप हमें यह नहीं बता सकते कि हमें क्या करने की जरूरत है..ठीक है। आपको हमें बताने की जरूरत नहीं है। आप मेरी टीम में से किसी को भी यह नहीं बता सकते कि हमें क्या करने की जरूरत है। आपको हमें बताने का कोई अधिकार नहीं है। आप सिर्फ एक ग्राउंड्समैन हैं, आप अपनी क्षमता में रहें। आप सिर्फ एक ग्राउंड्समैन हैं, इससे ज्यादा कुछ नहीं।’

पिच से 2.5 मीटर दूर रहने को कहा गया- इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोटक ने सफाई दी। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, गंभीर और उनकी टीम को अजीब लगा जब उन्हें पिच से दूरी बनाए रखने के लिए कहा गया जबकि उन्होंने स्पाइक्स भी नहीं पहन रखे थे। कोटक ने कहा, ‘जब हममें से कुछ कोच विकेट देखने गए तो ग्राउंड स्टाफ के एक सदस्य ने कहा कि कम से कम 2.5 मीटर दूर रहो जो थोड़ा आश्चर्यजनक था। क्योंकि यह पिच थी और मैच अगले दिन शुरू हो रहा है। यह पांच दिवसीय टेस्ट होगा और हम अपने जॉगर्स में खड़े थे इसलिए हमें थोड़ा अजीब लगा।’

हमने रबर स्पाइक्स पहने हुए थे’- इस दौरान कोटक ने गंभीर और फोर्टिस के बीच हुई बहस पर ज्यादा बात नहीं की लेकिन उन्होंने बताया कि उनकी टीम सिर्फ पिच को देख रही थी। कोटक ने आगे कहा, ‘हम बस उस विकेट को देख रहे थे। हमने रबर स्पाइक्स पहने हुए थे। इसमें कुछ भी गलत नहीं है। क्यूरेटर को भी उन लोगों को समझना होगा जिनसे वे बात कर रहे हैं, वे बेहद कुशल और बुद्धिमान होते हैं। उदाहरण के लिए अगर आप अभी उस मैदान पर जाएं जहां हमने अभ्यास किया था, तो आपको यह भी नहीं दिखेगा कि आउटफील्ड में किसी गेंदबाज ने अपने स्पाइक्स से निशान बनाए हों। यह सब मुख्य कोच की वजह से है। हम कोशिश करते हैं कि इस मैदान को भी कोई नुकसान न पहुंचे।’

200 साल पुरानी चीज नहीं है जिसे तोड़ा जा सकता है’- इस दौरान कोटक ने बताया कि विवाद का सबसे बड़ा कारण बातचीत का लहजा हो सकता है। उन्होंने कहा, ‘जब आप बहुत बुद्धिमान और उच्च कौशल वाले लोगों के साथ काम कर रहे हैं… तो आप रक्षात्मक हो सकते हैं, लेकिन आखिरकार यह एक क्रिकेट पिच है। यह कोई पुरानी चीज नहीं है जिसे आप छू नहीं सकते जो 200 साल पुरानी है जिसे तोड़ा जा सकता है।’

Search

Archives