नई दिल्ली। भारत को इस साल सीमित ओवरों की सीरीज के लिए बांग्लादेश का दौरा करना है, लेकिन दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय मतभेदों के कारण इस पर संकट के बादल छा गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सरकार ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को इस दौरे पर नहीं जाने की सलाह दी है। अगर ऐसा हुआ तो भारतीय टीम का बांग्लादेश दौरा रद्द हो सकता है।
भारत और बांग्लादेश के बीच व्यापार संबंधी तनाव भी चल रहा है। 17 मई को भारत सरकार ने बांग्लादेश से रेडीमेड गारमेंट्स सहित अन्य वस्तुओं के आयात पर प्रमुख मार्ग प्रतिबंधों की घोषणा की थी। बांग्लादेश दौरे को लेकर एक सूत्र ने कहा, ‘बांग्लादेश में राजनीतिक स्थिति स्थिर नहीं है और कूटनीतिक गतिरोध के मद्देनजर भारत सरकार ने बीसीसीआई को इस दौरे पर आगे न बढ़ने की सलाह दी है। हालांकि, दौरे को लेकर BCCI की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।







