इंग्लैंड और भारत के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के बाद पुरस्कार समारोह के आयोजन को लेकर इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) पर भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने सवाल उठाए हैं। गावस्कर ने पूछा कि क्या एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के ड्रॉ होने के बाद सचिन तेंदुलकर और जेम्स एंडरसन को पुरस्कार समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया था?
मालूम हो कि भारत और इंग्लैंड के बीच यह सीरीज एंडरसन-तेंदुलकर के नाम से खेली गई थी। पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा कि यह उचित होता कि तेंदुलकर और एंडरसन, जो उस समय इंग्लैंड में थे, समारोह में उपस्थित होते। भारत ने ओवल में खेले गए पांचवें टेस्ट मैच में छह रन से जीत दर्ज कर पांच मैचों की यह सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराई थी। उस मैच में मोहम्मद सिराज चमके थे जिन्होंने कुल नौ विकेट चटकाए थे जिसमें दूसरी पारी में पांच विकेट लेना शामिल है।







