रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट प्रारूप से संन्यास ले लिया है और अब इन दोनों बल्लेबाजों के वनडे भविष्य को लेकर अटकलें चल रही है। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) इन दोनों को लेकर जल्दबाजी दिखाने के मूड में नहीं है। भारत का अगस्त में होने वाला बांग्लादेश दौरा स्थगित हो चुका है और टीम को 19 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले इस प्रारूप की कोई सीरीज नहीं खेलनी है।
कोहली और रोहित के नाम वनडे में संयुक्त रूप से 83 शतक और 25000 से ज्यादा रन है। भारतीय क्रिकेट में इस बात की चर्चा है कि अक्टूबर 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप तक रोहित 40 और कोहली 39 साल के हो जाएंगे। ऐसे में क्या ये दोनों दिग्गज तब तक टिके रह पाएंगे? बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, जाहिर है कि अगर रोहित और कोहली के दिमाग में कोई बात होगी तो वे बीसीसीआई के शीर्ष अधिकारियों को बताएंगे जैसे इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट दौरे से पहले किया था। भारतीय टीम के नजरिए से देखें तो अगला बड़ा टूर्नामेंट फरवरी में होने वाला टी20 विश्व कप और उससे जुड़ी तैयारियां हैं। फिलहाल ध्यान एशिया कप टी20 टूर्नामेंट के लिए सर्वश्रेष्ठ टीम भेजने पर होगा, उम्मीद है कि सभी खिलाड़ी फिट और उपलब्ध होंगे।







