संजू सैमसन ने टी20 विश्व कप 2026 के आखिरी तीन मैचों में जिस तरह का प्रदर्शन किया, उसने टीम इंडिया को खिताब जिताने में काफी मदद की। संजू आईसीसी टी20 विश्व कप के प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बन गए हैं। जसप्रीत बुमराह को फाइनल मैच के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड दिया गया। चलिए जानते हैं किस खिलाड़ी ने कौन सा अवार्ड अपने नाम किया है।
जसप्रीत बुमराह ने जीता फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड : इस बीच भारत बनाम न्यूजीलैंड फाइनल मैच के लिए जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया है। फाइनल मुकाबले में जसप्रीत बुमराह ने केवल 15 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। उनके पास 5 विकेट लेने का मौका था, लेकिन वे इससे चूक गए। बुमराह ने पूरे टूर्नामेंट में कुल मिलाकर 14 विकेट लिए। भारत के वरुण चक्रवर्ती ने भी 14 विकेट अपने नाम किए हैं। जो इस साल के विश्व कप में संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा है।
पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान ने बनाए सबसे ज्यादा रन : इस बीच पूरे टूर्नामेंट के दौरान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान बने हैं। उन्होंने कुल मिलाकर 383 रन बनाए हैं। साहिबजादा फरहान पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने टी20 विश्व कप के एक ही सीजन में दो शतक लगाए। हालांकि वे अपनी टीम को इसके बाद भी सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंचा पाए। उधर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती रहे हैं।
संजू सैमसन ने ठोके टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा सिक्स : इस बीच टूर्नामेंट के दौरान सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज संजू सैमसन हैं। उन्होंने कुल मिलाकर 24 छक्के ठोकने का काम किया है। इस मामले में दूसरे नंबर पर फिन ऐलन रहे, जिन्होंने 20 छक्के लगाए। न्यूजीलैंड ही नहीं, दुनिया के सबसे तगड़े फील्डर्स में से एक ग्लेन फिलिप्स ने कुल मिलाकर 11 कैच पकड़े, जो इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा है। सबसे ज्यादा चौके लगाने के मामले में पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान पहले नंबर पर रहे, उन्होंने 37 चौके लगाकर बाजी मार ली।







