Home » RR vs SRH : बड़ी उपलब्धि हासिल करने से महज एक गेंद से चूके वैभव सूर्यवंशी
खेल

RR vs SRH : बड़ी उपलब्धि हासिल करने से महज एक गेंद से चूके वैभव सूर्यवंशी

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी बड़ी उपलब्धि हासिल करने से महज एक गेंद से चूक गए। वह क्रिस गेल के सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड को तोड़ सकते थे, लेकिन प्रफुल्ल हिंगे की गेंद पर आर स्मरण ने उन्हें कैच आउट करा दिया। सूर्यवंशी 97 रन बनाकर आउट हुए।

गेल के रिकॉर्ड को तोड़ने से चूके :  आईपीएल में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल के नाम दर्ज है। उन्होंने 30 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था। आज सूर्यवंशी उनके रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब पहुंच गए थे, लेकिन आउट हो गए। वह 29 गेंदों में पांच चौके और 12 छक्के की मदद से 97 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 334.48 का रहा।

वैभव ने हासिल की बड़ी उपलब्धि :  वैभव द्वारा खेली गई 97 रनों की पारी आईपीएल नॉकआउट मैचों में राजस्थान रॉयल्स के किसी भी बल्लेबाज का दूसरा सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर है। इससे पहले आईपीएल 2022 के क्वालिफायर-2 में आरसीबी के खिलाफ जोस बटलर ने 106 रनों की नाबाद पारी खेली थी। इस मुकाबले में सूर्यवंशी ने यशस्वी जायसवाल के साथ पहले विकेट के लिए 125 रनों की साझेदारी निभाई। यह आईपीएल के नॉकआउट मैच में किसी भी टीम के बल्लेबाजों द्वारा की गई दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है। इससे पहले 2011 में फाइनल के दौरान चेन्नई की ओर से मुरली विजय और माइकल हसी ने आरसीबी के खिलाफ 159 रन जोड़े थे।
यशस्वी को किस मामले में पीछे छोड़ा?
आईपीएल के एक सीजन में किसी भी अनकैप्ड बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वैभव शीर्ष बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस सत्र में 680 रन बनाए हैं। इस मामले में 15 वर्षीय बल्लेबाज ने यशस्वी जायसवाल को पीछे छोड़ा, जिन्होंने 2023 में राजस्थान की तरफ से खेलते हुए 625 रन बनाए थे।

आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले अनकैप्ड बल्लेबाज

बल्लेबाजटीमसत्ररन
वैभव सूर्यवंशीराजस्थान रॉयल्स2026680*
यशस्वी जायसवालराजस्थान रॉयल्स2023625
शॉन मार्शपंजाब किंग्स2008616
रियान परागराजस्थान रॉयल्स2024573
प्रभसिमरन सिंहपंजाब किंग्स2025549

गिल को पीछे छोड़ा
वैभव आईपीएल नॉकआउट मुकाबले में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मैच में कुल 12 छक्के लगाए। इस मामले में उन्होंने गुजरात टाइटंस के मौजूदा कप्तान शुभमन गिल को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने 2023 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ प्लेऑफ मुकाबले में 10 छक्के जड़े थे। वहीं, रजत पाटीदार इस मामले में तीसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने मंगलवार को गुजरात के खिलाफ मैच में नौ छक्के जड़े। वैभव एक पारी में 10 से ज्यादा छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल के साथ शीर्ष बल्लेबाज बन गए। दोनों ने चार-चार बार आईपीएल की पारियों में 10 से ज्यादा छक्के ठोके हैं।

Search

Archives