Home » जापान ओपन जीतकर पीवी सिंधु ने रचा इतिहास : पहली बार भारतीय महिला खिलाड़ी ने खिताब किया अपने नाम
खेल

जापान ओपन जीतकर पीवी सिंधु ने रचा इतिहास : पहली बार भारतीय महिला खिलाड़ी ने खिताब किया अपने नाम

टोक्यो। भारत की दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने रविवार को टोक्यो में इतिहास रच दिया। भारतीय स्टार महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर-750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में मेजबान देश की खिलाड़ी अकाने यामागुची को लगातार दो सेट में 21-17 और 21-17 से मात देने के साथ खिताब को अपने नाम कर लिया है। पीवी सिंधु ने जापान ओपन जीतने के साथ इतिहास भी रच दिया है, जिसमें वह देश की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं जो इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने में कामयाब हो सकी हैं।

सिंधु करीब 2 साल बाद BWF वर्ल्ड टूर के किसी बड़े टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेलने उतरी थी, जिसमें इससे पहले उन्होंने साल 2024 में सैयद मोदी इंटरनेशनल का खिताब जीता था।

सेट में दिखा कड़ा मुकाबला :  पीवी सिंधु का जापान ओपन 2026 में काफी शानदार फॉर्म देखने को मिला जिसमें फाइनल मुकाबले में भी वह अपनी इसी लय को बरकरार रखने में कामयाब रहीं। इस मैच के पहले सेट की शुरुआत में एक समय सिंधु 11-9 से पीछे थी, जिसके बाद उन्होंने शानदार तरीके से वापसी करने के साथ अकाने यामागुची को 21-17 के अंतर से पहले सेट में मात दी। वहीं इसके बाद दूसरे सेट की शुरुआत से ही सिंधु ने अकाने यामागुची को वापसी का कोई मौका नहीं दिया और लगातार अपनी बढ़त को बरकरार रखा, जिसमें यामागुची ने वापसी की तो कोशिश की लेकिन सिंधु ने इस सेट को भी 21-17 के अंतर से अपने नाम करने के साथ 50 मिनट के अंदर मुकाबला खत्म करते हुए खिताब को अपने नाम कर लिया।

सेमीफाइनल में दी थी ओलंपिक चैंपियन को मात :  जापान ओपन सुपर-750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में पीवी सिंधु का सेमीफाइनल में सामना चीन की खिलाड़ी और ओलंपिक चैंपियन चेन युफेई से हुआ था जिसमें उन्होंने इस मैच के पहले सेट को 21-19 से जीता था, जबकि दूसरे सेट में जब वह 15-10 के अंतर से आगे थी तो चेन युफेई हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण मुकाबला बीच में ही छोड़कर चली गई थी, वहीं क्वार्टर फाइनल मैच में सिंधु को वॉकओवर मिला था। सिंधु को इस जीत से जहां उनकी वर्ल्ड रैंकिंग में इसका उन्हें फायदा मिलेगा तो वहीं एशियन गेम्स 2026 में उनके पदक जीतने की संभावना अब काफी बढ़ गई है।

Search

Archives