Home » जोनाथन ट्रॉट का कार्यकाल बढ़ा, ACB ने इस वजह से लिया ये बड़ा फैसला
खेल

जोनाथन ट्रॉट का कार्यकाल बढ़ा, ACB ने इस वजह से लिया ये बड़ा फैसला

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB ) ने जोनाथन ट्रॉट का कार्यकाल बढ़ाने का निर्णय लिया है। जोनाथन ट्रॉट का हेड कोच के रूप में कार्यकाल 2025 के अंत तक बढ़ा दिया गया है। ACB ने कहा कि ट्रॉट का कार्यकाल टीम के साथ उनके ढाई साल के सफल कार्यकाल के आधार पर बढ़ाया गया है, जिसके दौरान अफगानिस्तान ने बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं। उनकी कोचिंग में टीम ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 और टी20 वर्ल्ड कप 2024 में दमदार प्रदर्शन किया है। ट्रॉट साल 2025 के अंत तक अफगानिस्तान पुरुष टीम के मुख्य कोच बने रहेंगे।

जुलाई 2022 में बने थे अफगानिस्तानी क्रिकेट टीम के कोच- जोनाथन ट्रॉट पहली बार जुलाई 2022 में अफगानिस्तानी क्रिकेट टीम के कोच बने थे। उसके बाद जनवरी 2024 में उनके कार्यकाल को एक साल आगे बढ़ाया गया था। उनके कोच बनने के बाद से अफगानिस्तान ने 34 वनडे मैच खेले, जिसमें से 14 में जीत हासिल की। वहीं खेले गए 44 टी20 इंटरनेशनल मैचों में से 20 में जीत दर्ज की। अभी अफगानिस्तान को जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन टी20 और इतने ही मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है।

इसके अलावा अफगानिस्तान ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 में दो पूर्व चैंपियन को हराया था, जिसमें इंग्लैंड और पाकिस्तान शामिल थे। वनडे वर्ल्ड कप में अपने दमदार प्रदर्शन की वजह से ही अफगानिस्तान ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए क्वालीफाई किया था। जहां वह पहली बार खेलती हुई नजर आएगी। फिर टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भी टीम ने खेल से सभी को प्रभावित किया था। इसके बाद वनडे सीरीज में साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश को हराया है।

ट्रॉट इंग्लैंड के लिए खेल चुके 50 से ज्यादा टेस्ट मैच- जोनाथन ट्रॉट के पास कोचिंग का अनुभव है। इससे पहले वह स्कॉटलैंड की टीम के सलाहकार थे। ट्रॉट इंग्लैंड के लिए तीनों फॉर्मेट में क्रिकेट खेल चुके हैं और उन्होंने इंग्लैंड के लिए 52 टेस्ट मैचों में 44.08 की औसत से 3835 रन बनाए। इसके अलावा वनडे क्रिकेट में उन्होंने 51.25 की औसत से चार शतक और 22 अर्धशतक के साथ 2819 रन बनाए। दोनों फॉर्मेट में उनके नाम पर कुल 13 शतक दर्ज हैं।

Search

Archives