Home » अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान, प्रिंस यादव और गुरनूर बराड़ को पहली बार मिला मौका
खेल

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान, प्रिंस यादव और गुरनूर बराड़ को पहली बार मिला मौका

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अफगानिस्तान के खिलाफ अगले महीने होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। पुरुष चयन समिति की मंगलवार को गुवाहाटी में बैठक हुई जिसके बाद टीम की घोषणा की गई।

अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली भी खेलेंगे। दोनों देशों के बीच यह सीरीज आईपीएल 2026 के खत्म होने के बाद खेली जाएगी। अगले साल वनडे विश्व कप होना है, इसलिए इसकी तैयारी के लिहाज से यह सीरीज अहम होगी।

सीरीज का कार्यक्रम

  • भारत और अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज 14 जून से धर्मशाला में होने वाले पहले मैच से शुरू होगी।
  • इसके बाद अगले दो मैच लखनऊ और चेन्नई में क्रमश: 17 और 20 जून को खेले जाएंगे।
  • वनडे सीरीज से पहले छह जून से मुल्लांपुर में एकमात्र टेस्ट मैच भी खेला जाएगा।

प्रिंस-गुरनूर को पहली बार मिली जगह :  प्रिंस यादव और गुरनूर बराड़ को पहली बार भारतीय वनडे टीम में जगह मिली है। वहीं, हार्दिक पांड्या की वनडे टीम में वापसी हुई है। हालांकि, उनका इस सीरीज में खेलना फिटनेस पर निर्भर करता है। वहीं, रोहित शर्मा भी टीम में शामिल हैं, लेकिन वह सीरीज में खेलेंगे या नहीं यह उनके फिटनेस पर निर्भर करता है। उम्मीद के मुताबिक जसप्रीत बुमराह को वनडे सीरीज के लिए आराम दिया गया है, जबकि वह टेस्ट टीम का भी हिस्सा नहीं हैं।

जडेजा को नहीं मिला मौका :  दिलचस्प बात यह है कि भारत के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को वनडे टीम में जगह नहीं मिली है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने बताया कि जडेजा को बाहर नहीं किया गया है, बल्कि उन्हें आराम मिला है। टीम गिल की कप्तानी में खेलने उतरेगी और श्रेयस अय्यर उपकप्तान बनाए गए हैं। वहीं, वनडे में केएल राहुल के साथ ही ईशान किशन विकेटकीपर के तौर पर शामिल हैं। ईशान टी20 के बाद भारतीय वनडे टीम में भी वापसी करने में सफल रहे हैं। हालांकि, शानदार फॉर्म में चल रहे संजू सैमसन को मौका नहीं दिया गया है।

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे।

Search

Archives