Home » भारत ने यूएई को 9 विकेट से हराया, एशिया कप टी20 में गेंदों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत
खेल

भारत ने यूएई को 9 विकेट से हराया, एशिया कप टी20 में गेंदों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत

दुबई। एशिया कप 2025 में टीम इंडिया ने धमाकेदार जीत के साथ आगाज किया है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने यूएई को 9 विकेट से रौंद डाला। यूएई से मिले 58 रनों के लक्ष्य को टीम इंडिया ने सिर्फ 27 गेंदों में चेज कर डाला। टीम इंडिया की यह टी-20 इंटरनेशनल में गेंदों के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी जीत है। अभिषेक शर्मा ने 16 गेंदों में 30 रन जड़े, जबकि शुभमन गिल 9 गेंदों में 20 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले यूएई की पूरी टीम सिर्फ 57 रन बनाकर ढेर हो गई। गेंदबाजी में भारत की ओर से कुलदीप यादव ने कहर बरपाते हुए सिर्फ 7 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए, जबकि शिवम दुबे ने 3 विकेट चटकाए।

पावरप्ले में ही जीता भारत – यूएई की टीम भारत के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य नहीं रख सकी और कम स्कोर का पीछा करते हुए भारत ने आक्रामक शुरुआत की। भारत के लिए अभिषेक शर्मा के साथ शुभमन गिल पारी का आगाज करने उतरे। अभिषेक ने पारी की पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिए। अभिषेक चौथे भारतीय बल्लेबाज हैं जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाया है। अभिषेक से पहले रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन ऐसा कर चुके हैं। अभिषेक यहीं नहीं रुके और उन्होंने तेज खेलना जारी रखा, लेकिन टीम को जीत दिलाने से पहले ही अपना विकेट गंवा बैठे। इसके बाद गिल और सूर्यकुमार ने भारत को पावरप्ले में ही जीत दिला दी। भारत ने इस तरह एशिया कप टी20 में गेंदों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत दर्ज कर ली है। उसने इस मामले में अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा है। टीम ने इससे पहले 2016 में यूएई के खिलाफ 59 गेंदें शेष रहते जीत दर्ज की थी, लेकिन टीम ने अब 93 गेंदें शेष रहते जीत हासिल कर ली।

106 गेंदों पर समाप्त हुआ मैच- भारत और यूएई के बीच एशिया कप के ग्रुप ए का मुकाबला महज 106 गेंदों पर ही समाप्त हो गया। यूएई की पारी 79 गेंदों पर सिमट गई, जबकि भारत ने लक्ष्य हासिल करने में 27 गेंदों का सहारा लिया। इस तरह दोनों पारियां मिलाकर 106 गेंदों पर मैच खत्म हो गया। यह चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच है जो न्यूनतम गेंदों पर समाप्त हुआ है। इससे पहले 2014 में नीदरलैंड और श्रीलंका के खिलाफ मैच 93 गेंद, ओमान और इंग्लैंड के खिलाफ 2024 में हुआ मैच 99 गेंदों और नीदरलैंड और श्रीलंका के बीच 2021 में शारजाह में खेले गए मैच में सिर्फ 103 गेंद ही डल सकी थी।

भारतीय गेंदबाजों के सामने बेदम दिखा यूएई का बल्लेबाजी आक्रमण- भारत की घातक गेंदबाजी यूनिट के खिलाफ यूएई के बल्लेबाजों का जोर नहीं चला और टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी। उनके आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाए। यूएई की पारी की शुरुआत कप्तान मोहम्मद वसीम और अलीशान शराफू ने की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बना दिया। पहला झटका टीम को 26 रन पर लगा, जब जसप्रीत बुमराह ने अलीशान शराफू (22 रन) को बोल्ड कर दिया। इसके बाद मोहम्मद जोहेब (2 रन) भी 29 के स्कोर पर वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर आउट हो गए। नौवें ओवर में कुलदीप यादव ने कमाल दिखाया और एक ही ओवर में तीन विकेट झटके। उन्होंने राहुल चोपड़ा (3), कप्तान मोहम्मद वसीम (19) और हर्षित कौशिक (2) को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद यूएई का स्कोर 50 पर ही पांच विकेट खो बैठा।

51 रन पर शिवम दुबे ने आसिफ खान (2) को आउट कर छठा झटका दिया। फिर 52 रन पर अक्षर पटेल ने सिमरनजीत सिंह (1) को एलबीडब्ल्यू कर सातवां विकेट गिराया। जल्द ही दुबे ने ध्रुव पराशर (1) और जुनैद सिद्दीकी (2) को भी आउट कर दिया। अंतिम झटका कुलदीप यादव ने दिया, जब हैदर अली (1) को संजू सैमसन ने कैच पकड़ा। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा चार विकेट झटके, जबकि शिवम दुबे ने तीन विकेट अपने नाम किए। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती को 1-1 सफलता मिली। यूएई की पूरी टीम बेहद सस्ते स्कोर पर सिमट गई और भारतीय गेंदबाजों का दबदबा पूरी पारी में देखने को मिला।

Search

Archives