Home » भारत ने इंग्लैंड को पहले टी20 में 97 रन से हराया, स्मृति मंधाना का शानदार प्रदर्शन
खेल

भारत ने इंग्लैंड को पहले टी20 में 97 रन से हराया, स्मृति मंधाना का शानदार प्रदर्शन

नॉटिंघम। भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड को पहले टी20 मैच में 97 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। शनिवार को नॉटिंघम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने कप्तान स्मृति मंधाना की शतकीय पारी के दम पर 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 210 रन बनाए।

जवाब में इंग्लैंड की महिला टीम 14.5 ओवर में सिर्फ 113 रन बना सकी और ऑलआउट हो गई। उनके लिए कप्तान नेट सिवर ब्रंट ने सर्वाधिक 66 रनों की पारी खेली। वहीं, भारत के लिए श्री चरणी ने चार विकेट झटके जबकि दीप्ति शर्मा और राधा यादव को दो-दो विकेट मिले। इसके अलावा अमनजोत कौर और अरुंधति रेड्डी ने एक-एक सफलता अपने नाम की। अब दोनों टीमों का सामना एक जुलाई को दूसरे टी20 मैच में होगा। यह मैच ब्रिस्टल में खेला जाएगा।

इंग्लैंड की पारी- लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम को सोफिया डंकली और डैनी व्याट हॉज अच्छी शुरुआत नहीं दिला पाईं। नौ के स्कोर पर टीम ने दो विकेट खोए। डंकली सात रन बना पाईं जबकि हॉज खाता खोले बगैर ही पवेलियन लौट गई। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आईं कप्तान नेट सिवर ब्रंट अंत तक टिकीं रहीं, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। ब्रंट ने 42 गेंदों में 10 चौके की मदद से 66 रन बनाए। उनके अलावा इंग्लैंड के लिए टैमी ब्यूमोंट ने 10, एमी जोन्स ने एक, एलिस कैप्सी ने पांच, एम आरलॉट ने 12, सोफी एक्लेस्टोन ने एक, लॉरेन फिलर ने दो और लॉरेन बेल ने दो रन बनाए। वहीं, लिंसी स्मिथ बिना खाता खोले नाबाद रहीं।

भारत की पारी- हरमनप्रीत की अनुपस्थिति में कमान संभालने उतरीं मंधाना ने इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया और 62 गेंदों पर 15 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 112 रन बनाए। उनकी इस दमदार पारी की मदद से भारतीय महिला टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 210 रन बनाए। भारत की नियमित कप्तान हरमनप्रीत कौर अभ्यास मैच के दौरान सिर पर लगी चोट के कारण एहतियात के तौर पर इस मैच में नहीं खेलने उतरीं।
मंधाना और शेफाली वर्मा ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। मंधाना जहां शुरुआत से ही लय में दिख रही थीं, वहीं शेफाली संघर्ष करती नजर आ रही थीं। मंधाना ने 62 गेंदों में 112 रन बनाए और शेफाली ने 20 रनों की पारी खेली। भारत के लिए मंधाना के अलावा हरलीन देओल ने 43 रन और शेफाली वर्मा ने 20 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड के लिए लॉरेन बेल ने तीन विकेट जबकि एम आर्लोट और सोफी एक्लेस्टोन ने एक एक विकेट झटका।

Search