टेस्ट में 350 विकेट लेने वाले तीसरे बाएं हाथ के स्पिनर: जडेजा टेस्ट इतिहास में ऐसे तीसरे बाएं हाथ के स्पिनर हैं जिन्होंने लाल गेंद के प्रारूप में 350 या इससे अधिक विकेट लिए हैं। जडेजा के अलावा श्रीलंका के दिग्गज रंगना हेराथ (433) और न्यूजीलैंड के महान खिलाड़ी डेनियल विटोरी (362) ऐसा कर चुके हैं। इस दौरान जडेजा का स्ट्राइक रेट भी 58.1 का शानदार है, जिसमें कम से कम 125 टेस्ट विकेट लेने वाले बाएं हाथ के स्पिनरों में केवल केशव महाराज का स्ट्राइक रेट ही उनसे बेहतर है।
भारत ने ली मजबूत बढ़त : मैच की बात करें तो सोनल दिनुषा और निरोशन डिकवेला ने तीसरे दिन श्रीलंका को फॉलोऑन से बचा लिया, लेकिन भारतीय टीम मजबूत बढ़त लेने में सफल रही। भारत ने पहली पारी में 462 रन बनाए और दिन का खेल खत्म होने से ठीक पहले श्रीलंका की पहली पारी 284 रन पर ऑलआउट कर 178 रन की बढ़त ले ली। श्रीलंका के ऑलआउट होते ही बारिश के कारण तीसरे दिन का खेल जल्द समाप्त किया गया। अब चौथे दिन भारत दूसरी पारी खेलने उतरेगा और उसकी नजरें बढ़त को और मजबूत करने पर टिकी होंगी। भारत के लिए पहली पारी में मानव सुथार ने चार विकेट लिए, जबकि जडेजा को तीन विकेट मिले। वहीं, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला।







