ICC ODI Rankings: आईसीसी रैंकिंग एक बार फिर से अपडेट हो गई है। इस बार की रैंकिंग की खास बात ये है कि जहां एक ओर रोहित शर्मा का पहले नंबर पर कब्जा बरकरार है, वहीं भारत के नए वनडे कप्तान शुभमन गिल के साथ ही पाकिस्तान के बाबर आजम को भी नुकसान हुआ है। इस बीच न्यूजीलैंड के एक खिलाड़ी ने छलांग मारी है और अब वो सीधे तीसरे नंबर पर जा पहुंचा है।
शुभमन गिल और बाबर आजम को एक-एक स्थान का नुकसान- भारत के नए वनडे कप्तान शुभमन गिल की रैंकिग में गिरावट का सिलसिला जारी है। वे अब एक और स्थान नीचे आ गए हैं। उनकी रेटिंग 745 की है और अब वे नंबर 4 पर पहुंच गए हैं। कुछ ही वक्त पहले तक शुभमन गिल पहले नंबर की कुर्सी पर काबिज थे, लेकिन अब उनके बल्ले से रन नहीं आ रहे हैं, इसका असर रैंकिंग पर भी दिख रहा है। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम को भी एक स्थान का नुकसान हुआ है। वे 728 की रेटिंग के साथ नंबर 5 पर पहुंच गए हैं। वे भी काफी वक्त तक पहले नंबर पर थे, लेकिन अब उससे काफी नीचे आ चुके हैं।
टॉप 10 की रैंकिंग में नहीं हुए खास बदलाव- इसके अलावा वनडे की टॉप 10 बल्लेबाजों की लिस्ट में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। भारत के ही श्रेयस अय्यर नंबर 9 पर बने हुए हैं। इस बीच न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र ने चार स्थानों की छलांग मारी है और अब वे 652 की रेटिंग के साथ नंबर 14 पर पहुंच गए हैं। इससे भारत के केएल राहुल को एक स्थान नीचे 16वें नंबर पर जाना पड़ा है। आने वाले दिनों में कई वनडे मैच हैं, उसमें खिलाड़ी जैसा प्रदर्शन करेंगे, उसके बाद रैंकिंग में फिर से बदलाव देखने के लिए मिलेंगे।







